ईडी की बंगाल में बड़ी कार्रवाई: कई शहरों में छापे, लाखों की नकदी जब्त

ईडी की बंगाल में बड़ी कार्रवाई: कई शहरों में छापे, लाखों की नकदी जब्त

Spread the love

कोलकाता: कोयला और बालू तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई शहरों में एक साथ व्यापक छापेमारी की। कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और पश्चिम बर्दवान के जामुड़िया समेत कई इलाकों में हुई कार्रवाई के दौरान व्यवसायी राजेश बंसल के ठिकानों से कथित तौर पर लाखों रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

ईडी सूत्रों के अनुसार, बरामद नकदी के स्रोत को लेकर पूछताछ में व्यवसायी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जांच के दौरान दोपहर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के अधिकारी भी दस्तावेजों के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे जब्ती और सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी गई।

सुबह करीब 6:30 बजे ईडी की टीमें जामुड़िया के पंजाबी मोड़ इलाके में पहुंचीं और वहां एक व्यवसायी के आवास पर तलाशी शुरू की। इसके साथ ही राजेश बंसल के दोनों पुत्र—सुमित बंसल और अमित बंसल—के आवासों पर भी छापेमारी की गई। हालांकि, अब तक मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को लेकर एजेंसी ने आधिकारिक विवरण साझा नहीं किया है।

कार्रवाई के तहत जामुड़िया के पंजाबी मोड़ क्षेत्र में एक हार्डवेयर दुकान, गोदाम और हाटतला इलाके स्थित ‘बंसल हार्डवेयर’ में भी तलाशी ली गई। वहीं, दुर्गापुर सिटी सेंटर में बुदबुद थाने के ओसी मनोरंजन मंडल के आवास पर भी ईडी ने छापा मारकर पूछताछ की। पांडवेश्वर के नवग्राम और दुर्गापुर के एक अन्य पते पर भी जांच जारी है।

ईडी का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

author

जितेन्द्र कुमार

जितेन्द्र कुमार उत्तर प्रदेश के हाथरस के रहने वाले एक भारतीय पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो वरिष्ठ पत्रकार और एक्सपर्ट टाइम्स नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक के रूप में जाने जाते हैं।

संबंधित पोस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *