दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले में कथित ‘बाल कतरवा’ गैंग का खौफ लोगों के बीच बढ़ता जा रहा है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में महज 8 दिनों के भीतर दूसरी बार एक जैसी वारदात सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ताजा घटना में बदमाशों ने शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसकर कथित तौर पर लूटपाट की। आरोप है कि वारदात के दौरान घर में सो रही एक नाबालिग बच्ची के बाल भी काट दिए और आरोपी मौके से फरार हो गए।
इससे पहले इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर हुई डकैती के दौरान उनकी बहू को कथित तौर पर नशीला इंजेक्शन देकर उसके बाल काटे गए थे और लाखों रुपये के जेवर लूट लिए गए थे।
लगातार दो समान घटनाओं के बाद गांव में डर का माहौल है। लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह है और महिलाओं व बच्चियों के बाल काटने के पीछे आखिर अपराधियों की मंशा क्या है?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
