त्रिशा पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद उदयनिधि स्टालिन हिरासत में

त्रिशा पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद उदयनिधि स्टालिन हिरासत में

Spread the love

चेन्नई: तमिलनाडु में अभिनेत्री त्रिशा को लेकर कथित विवादित टिप्पणी के बाद डीएमके नेता और नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें चेन्नई स्थित उनके आवास से हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर राज्य की राजनीति में भी घमासान तेज हो गया है।

विरोध सभा के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित एक विरोध सभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु को कावेरी का पर्याप्त पानी नहीं मिला, जबकि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है।

इसी दौरान सभा में मौजूद कुछ लोगों ने “त्रिशा… त्रिशा…” के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद उदयनिधि स्टालिन द्वारा की गई एक टिप्पणी को अभिनेत्री त्रिशा की ओर इशारा और कथित रूप से दोहरे अर्थ वाली आपत्तिजनक टिप्पणी के रूप में देखा गया। इसके बाद यह मामला तेजी से राजनीतिक विवाद में बदल गया।

एफआईआर के बाद हिरासत में लिया गया

अपमानजनक टिप्पणी के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन को उनके चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।

घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

विवाद बढ़ने के बाद उदयनिधि स्टालिन के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और सार्वजनिक माफी की मांग की।

बीजेपी ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर उदयनिधि स्टालिन की कथित टिप्पणी की आलोचना करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए.

संबंधित पोस्ट