मुंबई: साउथ और बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपनी हिप इंजरी को लेकर पहली बार खुलकर बात की है। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि फिल्म ‘मायसा’ की शूटिंग के दौरान उन्हें गंभीर चोट लगी है। अब अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इन खबरों की पुष्टि करते हुए अपनी हेल्थ अपडेट साझा की है।
रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रिकवरी के दौरान की कुछ तस्वीरें शेयर कीं और एक लंबा नोट लिखते हुए बताया कि उन्हें यह चोट फिल्म ‘मायसा‘ के एक डांस सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान लगी थी।
‘दाएं हिप का टेंडन अलग हो गया था’
रश्मिका ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें लगातार तीसरी बार चोट लगी है और अब उन्हें अपने शरीर का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत महसूस हो रही है। उन्होंने बताया कि उनके दाएं हिप का एक टेंडन अलग (Detached) हो गया था, जिसे दोबारा ठीक होने में समय लगेगा।
उन्होंने लिखा, “अगर आसान भाषा में कहूं तो मेरे हिप में चोट लगी है। हिप के दोनों तरफ चार टेंडन होते हैं, जो हिप को पैर से जोड़ते हैं। मेरे दाएं हिप का एक टेंडन अलग हो गया था, जिसे दोबारा जुड़ना जरूरी है ताकि मैं अपना पैर ठीक से उठा सकूं और सामान्य गतिविधियां कर सकूं।”
‘चिंता मत करो, मैं ठीक हो रही हूं’
अभिनेत्री ने कहा कि दर्द जरूर है, लेकिन वह सहन करने योग्य है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि शायद भगवान उन्हें जबरन आराम करने का संकेत दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन दिनों वह आराम कर रही हैं, पज़ल्स हल कर रही हैं और अपनी फिटनेस को लेकर भी सजग हैं।
डॉक्टरों ने दी छह हफ्ते आराम की सलाह
डॉक्टरों ने रश्मिका मंदाना को छह सप्ताह तक पूरी तरह आराम और रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है। ऐसे में उन्हें कुछ समय के लिए शूटिंग से दूरी बनानी पड़ सकती है।
आने वाली फिल्में
वर्क फ्रंट की बात करें तो रश्मिका मंदाना जल्द ही विजय देवरकोंडा के साथ पीरियड एक्शन फिल्म ‘रणबाली‘ में नजर आएंगी। यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
इसके अलावा वह ‘मायसा’ में भी दिखाई देंगी, जिसका निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं। फिल्म में गुरु सोमसुंदरम और ईश्वरी राव भी अहम भूमिकाओं में हैं। रश्मिका इस फिल्म में गोंड आदिवासी महिला का किरदार निभा रही हैं।
