गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में खेल अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का लगभग 20 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
तीन महीने में 20% काम पूरा
स्टेडियम का 16 मई 2026 को भूमिपूजन और शिलान्यास किया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने EPC मोड पर निर्माण कार्य शुरू किया। मुख्य स्टेडियम परिसर की लेवलिंग और पाइल फाउंडेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बाहरी क्षेत्र में सड़क निर्माण और अन्य आधारभूत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
110 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी
परियोजना के लिए अब तक 110 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सरकार ने 50 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त भी स्वीकृत कर जारी कर दी है। इससे पहले 63.39 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की गई थी।
30 हजार दर्शकों की होगी क्षमता
करीब 46 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा। स्टेडियम के निर्माण के बाद पूर्वांचल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।
24 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
राज्य सरकार का लक्ष्य स्टेडियम का निर्माण 24 महीने के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि परियोजना की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है।
