राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी की पालतू डॉगी ‘नूरी’ के साथ शेयर किया वीडियो

राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी की पालतू डॉगी ‘नूरी’ के साथ शेयर किया वीडियो

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पालतू डॉगी नूरी के साथ एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए बेजुबान जानवरों के प्रति प्यार, सम्मान और करुणा का संदेश दिया।

कांग्रेस ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “हर जानवर प्यार, सम्मान और अपनापन पाने का हकदार है।” पार्टी ने बताया कि नूरी पहली बार सोशल मीडिया के जरिए लोगों के सामने आई है।

जानवरों के अधिकारों पर पहले भी बोल चुके हैं राहुल गांधी

राहुल गांधी पहले भी कई मौकों पर जानवरों के अधिकारों और उनकी देखभाल को लेकर अपनी राय रख चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि जानवरों को भी इस धरती पर इंसानों के समान सम्मान के साथ जीने का अधिकार है।

नूरी जैक रसेल टेरियर (Jack Russell Terrier) नस्ल की डॉगी है। राहुल गांधी उसे गोवा से अपनी मां सोनिया गांधी के लिए सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर लेकर आए थे।

‘Ask Me Anything’ सेशन में किया था नूरी का जिक्र

हाल ही में राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर ‘Ask Me Anything’ सेशन शुरू किया था, जिसमें उन्होंने छात्रों और Gen Z से कोई भी सवाल पूछने का आग्रह किया था। इस दौरान एक यूजर ने उनसे जानवरों और डॉग्स के प्रति उनके लगाव को लेकर सवाल पूछा।

जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि जानवरों को भी बराबरी का सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बातचीत के दौरान नूरी का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने उसके साथ एक वीडियो बनाया है। राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए मजाक में कहा कि इस वीडियो को देखकर उनकी मां सोनिया गांधी शायद नाराज होंगी, लेकिन बाद में सब संभाल लिया जाएगा।

कांग्रेस द्वारा साझा किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और पार्टी ने इसके जरिए पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का संदेश देने की कोशिश की है।

संबंधित पोस्ट