मुंबई: टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे भले ही रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ की ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर सकीं, लेकिन शो में उनकी जर्नी को दर्शकों ने काफी पसंद किया। शो खत्म होने के बाद जहां अन्य कंटेस्टेंट्स सक्सेस पार्टी में शामिल हुए, वहीं शिल्पा ने सीधे अपने कर्जत स्थित शेल्टर होम पहुंचकर वहां रहने वाले लोगों के साथ समय बिताया।
शेल्टर होम में हुआ गर्मजोशी से स्वागत
शिल्पा शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके शेल्टर होम पहुंचने पर बुजुर्गों द्वारा किए गए स्वागत की झलक दिखाई गई है।
वीडियो में शेल्टर होम के बुजुर्ग शिल्पा का फूलों की माला, गुलाब की पंखुड़ियों और गले लगाकर स्वागत करते नजर आते हैं। इस प्यार और सम्मान को देखकर शिल्पा भावुक हो गईं।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया इमोशनल पोस्ट
वीडियो साझा करते हुए शिल्पा शिंदे ने लिखा,
“लॉक अप के बाद घर वापस… इतना सारा प्यार और सपोर्ट देखकर ऐसा लग रहा है जैसे मैं ही विनर बन गई हूं। दिल से धन्यवाद सभी को।”
उनकी इस पोस्ट पर फैंस ने भी जमकर प्यार बरसाया। कई यूजर्स ने उन्हें ‘असली विनर’ बताया, जबकि कुछ ने लिखा कि शिल्पा ने अपनी इंसानियत से सभी का दिल जीत लिया है।
शो में किया था निजी जिंदगी का खुलासा
‘लॉक अप 2’ के दौरान शिल्पा शिंदे ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक भावुक खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि परिवार से अलग होने के बाद वह अपने कर्जत स्थित शेल्टर होम में रह रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि शो में आने का उनका उद्देश्य प्राइज मनी जीतकर शेल्टर होम की मदद करना था।
श्रेया कालरा बनीं ‘लॉक अप 2’ की विजेता
‘लॉक अप सीजन 2’ के ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने शिवांगी जोशी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता के रूप में उन्हें ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
शिल्पा शिंदे ने श्रेया की जीत पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा,
“मैं बेहद खुश हूं। मेरी बेस्टी श्रेया जीत गई। तुम्हें बहुत-बहुत बधाई, तुम इसकी पूरी हकदार थीं। तुम्हें चमकते देखकर मेरा दिल गर्व और खुशी से भर गया है।”
शिल्पा शिंदे इस सीजन में चौथे स्थान पर रहीं।
