नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन को लेकर अभी आधिकारिक शेड्यूल सामने नहीं आया है, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता पर सवाल उठने लगे हैं। अगस्त 2026 से अगस्त 2027 के बीच ऑस्ट्रेलिया को करीब 20 टेस्ट और 14 व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। ऐसे में टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी IPL 2027 से दूरी बना सकते हैं या टूर्नामेंट में सीमित मैच खेल सकते हैं।
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के सामने व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर
IPL 2027 के मुकाबले अगले साल मार्च से मई के बीच आयोजित होने की संभावना है। इसी अवधि के आसपास ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम को अगले 12 महीनों में 20 टेस्ट और 14 सीमित ओवरों के अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने हैं। इस दौरान भारत के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इंग्लैंड के खिलाफ विशेष टेस्ट मुकाबला और फिर एशेज सीरीज भी ऑस्ट्रेलिया के कार्यक्रम का हिस्सा है।
IPL 2027 के बाद WTC फाइनल भी चुनौती
अगले साल IPL का आयोजन मार्च से मई के अंत तक होने की उम्मीद है। इसके बाद जून में संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनलखेला जा सकता है।
ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों के लिए लगातार क्रिकेट खेलना शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है। संभावना है कि कुछ खिलाड़ी IPL 2027 को पूरी तरह मिस करें, जबकि कुछ सीमित मैचों के लिए उपलब्ध रहें।
Andrew McDonald ने दिया बड़ा संकेत
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने खिलाड़ियों की IPL भागीदारी को लेकर संतुलन बनाने की जरूरत बताई है।
ESPNcricinfo से बातचीत में मैकडोनाल्ड ने कहा कि IPL उनके कई खिलाड़ियों के मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है। उनके मुताबिक, दुनिया की शीर्ष टी20 प्रतियोगिता में खेलने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी फायदा मिल सकता है, लेकिन इसके साथ इंटरनेशनल क्रिकेट और खिलाड़ियों के वर्कलोड के बीच संतुलन जरूरी है।
मैकडोनाल्ड ने खास तौर पर तेज गेंदबाजों के आराम और फिटनेस पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने शरीर को रिकवर करने का पर्याप्त समय मिलना चाहिए, ताकि वे ऑस्ट्रेलिया के व्यस्त कार्यक्रम में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
इन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर पड़ सकता है असर
ऑस्ट्रेलिया के कई बड़े खिलाड़ी IPL फ्रेंचाइजी से जुड़े हुए हैं। इनमें पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, कैमरून ग्रीन और ट्रेविस हेडजैसे नाम शामिल हैं।
इसके अलावा जोश इंग्लिस भी लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं।
अगर ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट खिलाड़ी IPL 2027 से हटते हैं या अपनी उपलब्धता सीमित करते हैं, तो इसका सीधा असर फ्रेंचाइजी की रणनीति पर पड़ सकता है। खासकर खिलाड़ियों को रिटेन करने और आगामी सीजन के लिए टीम तैयार करने में फ्रेंचाइजी को नए विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं।
फ्रेंचाइजी के लिए बढ़ सकती है चिंता
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सीमित उपलब्धता IPL टीमों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। फ्रेंचाइजी आमतौर पर विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता को ध्यान में रखकर अपनी टीम और रणनीति तैयार करती हैं।
ऐसे में IPL 2027 के लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता पर अंतिम फैसला आने वाले महीनों में काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है।
