बीजिंग: चीन में इस साल के सबसे शक्तिशाली तूफानों में से एक टाइफून ‘डॉल्फिन’ का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तूफान के चलते मध्य चीन के हुबेई प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जबकि जोखिम वाले निर्माण कार्यों पर भी रोक लगा दी गई है।
हुबेई में भारी बारिश की आशंका
मंगलवार को टाइफून ‘डॉल्फिन’ के चीन के अंदरूनी इलाकों में पहुंचने के साथ ही हुबेई में मौसम बिगड़ गया। मौसम विशेषज्ञों ने प्रांत के उत्तर-पश्चिमी पहाड़ी इलाकों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
राष्ट्रीय मौसम केंद्र ने भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि हुबेई के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान 250 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है।
लगभग 5.8 करोड़ की आबादी वाला हुबेई चीन में कार और इलेक्ट्रॉनिक सामानों के उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र है। इससे पहले ‘मायसक’ तूफान के बाद इस क्षेत्र में दो दुर्लभ बवंडर आए थे, जिनमें कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी।
पर्यटन स्थल और निर्माण परियोजनाएं बंद
बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए शियांगयांग, हुआंगगांग और सुइझोऊ समेत कई शहरों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इचांग स्थित प्रसिद्ध थ्री गॉर्ज्स डैम सहित कई पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में चल रही 107 प्रमुख राजमार्ग और जलमार्ग निर्माण परियोजनाओं में से 26 जोखिम वाली परियोजनाओं को रोक दिया गया है।
मौसम अधिकारियों के मुताबिक, जब तूफान की तेज हवाएं हुबेई के पश्चिमी पहाड़ी इलाकों से टकराएंगी, तो बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।
हेनान और बीजिंग में भी खतरा
पड़ोसी हेनान प्रांत में बाढ़ की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हुबेई से करीब 1,000 किलोमीटर दूर चीन की राजधानी बीजिंग में भी तूफान का असर देखने को मिल सकता है।
बीजिंग के चार बाहरी इलाकों में लेवल-1 इमरजेंसी लागू की गई है। अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक मंगलवार रात से अगले 24 घंटों के दौरान बीजिंग में इतनी बारिश हो सकती है, जो पूरे साल होने वाली बारिश के एक-तिहाई से अधिक के बराबर होगी।
जापान में भी तूफान का खतरा
जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भी चेतावनी जारी की है। एजेंसी के मुताबिक टाइफून ‘चान-होम’ मंगलवार को जापान के मुख्य भूभाग की ओर बढ़ सकता है। इसके चलते देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और भूस्खलन का खतरा पैदा हो सकता है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर रखने और भारी बारिश, बाढ़ व भूस्खलन वाले संभावित इलाकों से सावधान रहने की अपील की है।
