अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के नाम का ऐलान बुधवार, 2 सितंबर को होने की संभावना है। CEO पद के लिए चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और चयन समिति ने तीन नामों की अंतिम सूची ट्रस्ट को सौंप दी है। माना जा रहा है कि बुधवार शाम तक नए CEO के नाम पर फैसला हो सकता है।
CEO की रेस में ये 3 नाम
सूत्रों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के CEO पद के लिए रिटायर्ड IPS अधिकारी राजेश पांडेय, पूर्व IAS अधिकारी दिनेश चंद्रऔर पूर्व IAS अधिकारी योगेश्वर मिश्रा के नाम सामने आए हैं। अंतिम निर्णय अब ट्रस्ट की ओर से लिया जाना है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के मणिराम दास छावनी स्थित आवास पर बुधवार को होने वाली बैठक में नए CEO के चयन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला होने की संभावना है। चयन समिति के सदस्य रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और विशेषज्ञ सदस्य सुरेश हावरे भी अयोध्या पहुंच चुके हैं।
5585 आवेदनों की हुई समीक्षा
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंगलवार, 1 सितंबर को CEO चयन प्रक्रिया को लेकर जानकारी साझा की थी। ट्रस्ट के मुताबिक, CEO के चयन के लिए 5585 आवेदनों की समीक्षा की गई। इसके बाद 16 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर उनके साथ विस्तृत चर्चा और इंटरव्यू किया गया।
चयन समिति ने इन 16 उम्मीदवारों में से तीन अत्यधिक योग्य उम्मीदवारों के नामों की अंतिम सूची तैयार कर ट्रस्ट को सौंप दी है। अब अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा ट्रस्ट की ओर से की जाएगी।
कौन हैं राजेश पांडेय?
CEO पद की रेस में शामिल रिटायर्ड IPS अधिकारी राजेश पांडेय मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। वह 2003 बैच के IPS अधिकारी रहे हैं और अपनी पुलिस सेवा के दौरान एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के तौर पर भी पहचान बना चुके हैं।
राजेश पांडेय ने लखनऊ, अलीगढ़, मेरठ और सहारनपुर में SSP के तौर पर जिम्मेदारी संभाली है। वह उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) से भी जुड़े रहे हैं। उन्हें Provincial Police Service (PPS) से प्रमोट कर IPS कैडर में शामिल किया गया था।
आज हो सकता है अंतिम फैसला
अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाली ट्रस्ट की बैठक पर हैं। बैठक में तीन नामों पर विचार के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा होने तक किसी एक नाम को लेकर अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।
