दिल्ली: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में केमिकल कारोबारी के 23.60 लाख रुपये लेकर फरार हुए कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 20.80 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। रकम लेकर फरार होने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पार्टी से रुपये लेकर बैंक में जमा कराने निकला थापुलिस के अनुसार, अशोक विहार निवासी शिकायतकर्ता का लालबाग इलाके में केमिकल का कारोबार है। 21 अगस्त को कारोबारी ने अपने कर्मचारी अर्जुन शर्मा को सरस्वती विहार स्थित एक पार्टी से 23.60 लाख रुपये लेने के लिए भेजा था।
अर्जुन शर्मा ने सी-522, सरस्वती विहार से रकम ली और उसे बैंक में जमा कराने के लिए निकल गया। कुछ समय बाद जब कारोबारी ने उसे फोन किया तो उसका मोबाइल बंद मिला।
काफी तलाश करने के बाद भी जब कर्मचारी का कोई पता नहीं चला तो कारोबारी ने आदर्श नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
24 अगस्त को दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने 24 अगस्त को मामले में BNS की धारा 316(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अर्जुन ने जानबूझकर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। उसने पुराने मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया अकाउंट्स का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था, ताकि पुलिस उसकी लोकेशन तक न पहुंच सके।
लगातार बदल रहा था ठिकाना
पुलिस के मुताबिक, रकम लेकर फरार होने के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन बंद रखने के साथ-साथ सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी।
जांच और पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस ने बरामद किए ये सामान
₹20.80 लाख नकद
एक्टिवा स्कूटर
तीन मोबाइल फोन
23.60 लाख रुपये की रकम से जुड़े मामले में आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार
