मुंबई: टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के दौरान करीब आए आसिम रियाज और हिमांशी खुराना एक समय टीवी इंडस्ट्री की चर्चित जोड़ियों में शामिल थे। हालांकि, बाद में दोनों का ब्रेकअप हो गया। अब दोनों एक बार फिर अपने पुराने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट पर अपने रिश्ते को लेकर कई खुलासे किए थे। उन्होंने दावा किया था कि उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया था।
अब आसिम रियाज ने बिना हिमांशी का नाम लिए इन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि उन्होंने कभी उनसे धर्म बदलने के लिए नहीं कहा।
आसिम बोले- मैंने कभी धर्म बदलने के लिए नहीं कहा
आसिम रियाज ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक लंबा नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा, “मैंने एक बार भी कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। असल में मैंने तुम्हें फिटनेस के लिए मोटिवेट किया था।”
आसिम ने आगे कहा कि धर्म एक संवेदनशील विषय है और इसे किसी के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि किसी निजी मामले को उनके प्रति नफरत की वजह नहीं बनाया जाना चाहिए।
‘धर्म को हथियार की तरह इस्तेमाल न करें’
आसिम ने अपने पोस्ट में लिखा, “ये एक संवेदनशील मामला है और धर्म को हथियार की तरह इस्तेमाल ना किया जाए। ये बचकाना हरकत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि उनके करियर में उन्हें कभी किसी की जरूरत नहीं पड़ी। आसिम ने पैसे और सफलता को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि बैंक स्टेटमेंट से यह पता लगाया जा सकता है कि किसके पास कितना पैसा है, लेकिन पैसा कभी किसी के चरित्र का पैमाना नहीं रहा।
पारस छाबड़ा पर भी साधा निशाना
आसिम रियाज ने पारस छाबड़ा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी के पुराने रिश्तों और निजी जिंदगी को सिर्फ गॉसिप के लिए सामने लाना उस व्यक्ति के बारे में कम और ऐसा करने वाले के बारे में ज्यादा बताता है।
आसिम ने पारस के पॉडकास्ट और उनके बारे में काफी तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें सलाह दी कि उन्हें दूसरों की जिंदगी पर बात करने के बजाय जिम में ज्यादा समय बिताना चाहिए।
हिमांशी ने पॉडकास्ट में क्या कहा था?
दरअसल, हिमांशी खुराना हाल ही में पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने आसिम रियाज के साथ अपने रिश्ते को लेकर कई बातें शेयर कीं।
हिमांशी के मुताबिक, आसिम अक्सर अपने धर्म को लेकर बात करते थे और एक समय उन्हें ऐसा महसूस होने लगा था कि वह अपने धर्म और भगवान को धोखा दे रही हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे कहा गया था कि वह अपनी कुछ धार्मिक चीजें नहीं कर सकतीं। हिमांशी ने बताया कि इन परिस्थितियों के बाद उन्होंने इस रिश्ते से बाहर निकलने का फैसला किया।
आरोपों के बाद फिर आमने-सामने आए दोनों
हिमांशी के इन दावों के बाद आसिम की प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि, आसिम ने अपने पोस्ट में हिमांशी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को सोशल मीडिया यूजर्स हिमांशी के आरोपों से जोड़कर देख रहे हैं।
दोनों की ओर से सामने आए बयानों के बाद उनका पुराना रिश्ता एक बार फिर सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट न्यूज की सुर्खियों में है।
