घर पर बनाएं पुरानी दिल्ली की मशहूर दौलत की चाट, झागदार स्वाद के लिए अपनाएं ये आसान तरीका

घर पर बनाएं पुरानी दिल्ली की मशहूर दौलत की चाट, झागदार स्वाद के लिए अपनाएं ये आसान तरीका

नई दिल्ली: दिल्ली की मशहूर स्ट्रीट फूड डिश दौलत की चाट का नाम सुनते ही हल्की और फूली हुई मलाईदार मिठाई की तस्वीर सामने आती है। इसे कई जगहों पर मक्खन मलाई के नाम से भी जाना जाता है।

दूध से तैयार होने वाली यह मिठाई सामान्य चाट से बिल्कुल अलग होती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका बेहद हल्का और झागदार टेक्सचर है। इसे केसर, मावा, पिस्ता, गुलाब की पंखुड़ियों और चांदी के वर्क से सजाया जाता है।

पुरानी दिल्ली में इसका स्वाद लेना अपने आप में एक अलग अनुभव है, लेकिन इसे घर पर भी बनाया जा सकता है। इसे तैयार करने में सबसे ज्यादा जरूरी है ठंडा दूध, सही तरीके से फेंटना और थोड़ा धैर्य।

दौलत की चाट बनाने के लिए सामग्री

1.5 लीटर फुल-फैट दूध

1 कप मलाईआधा चम्मच क्रीम ऑफ टार्टर

जरूरत के अनुसार बर्फ के टुकड़े

एक बड़ी चुटकी केसर

पिसी हुई चीनी

कद्दूकस किया हुआ मावा

कटे हुए पिस्तेपीनट चिक्की

सूखी गुलाब की पंखुड़ियां

खाने योग्य चांदी का वर्क

केसर को सबसे पहले थोड़े से पानी में भिगोकर रख दें।

सबसे पहले दूध को करें तैयार

दौलत की चाट का असली स्वाद और टेक्सचर दूध पर निर्भर करता है। इसके लिए एक गहरे बर्तन में फुल-फैट दूध डालकर अच्छी तरह उबालें। दूध को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह बर्तन के तले में न लगे।

अच्छी तरह उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें और दूध को कमरे के तापमान तक ठंडा होने दें।

अब ठंडे दूध को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें मलाई और आधा चम्मच क्रीम ऑफ टार्टर डालकर अच्छी तरह फेंटें।

इस मिश्रण को ढककर रातभर फ्रिज में रख दें। दूध को पर्याप्त समय तक ठंडा करने से बाद में झाग तैयार करना आसान होता है।

ऐसे तैयार करें दौलत की चाट का झाग

अगले दिन एक बड़े और चौड़े बर्तन में बर्फ के टुकड़े रखें। इसके ऊपर दूध वाला बर्तन रखें, ताकि मिश्रण लगातार ठंडा रहे।

अब इलेक्ट्रिक हैंड ब्लेंडर की मदद से दूध को लगातार फेंटना शुरू करें। कुछ समय बाद दूध की सतह पर हल्का और फूला हुआ झाग बनने लगेगा।इसी झाग को धीरे-धीरे निकालकर एक अलग बर्तन में रखते जाएं। पूरा दूध एक साथ फेंटने के बजाय इसे छोटे हिस्सों में फेंटना ज्यादा आसान रहेगा।

अब तैयार फोम के एक हिस्से में पानी में भिगोया हुआ केसर डालें और दोबारा फेंटें। इससे झाग में केसर का रंग और खुशबू आ जाएगी।

केसर वाले फोम को भी अलग रख दें। इसी तरह पूरी मात्रा के दूध से फोम तैयार करें।

तैयार सफेद और केसर वाले फोम को करीब 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें।

ऐसे दें दौलत की चाट को पुरानी दिल्ली वाला स्वादफोम अच्छी तरह ठंडा हो जाए तो इसे सर्विंग बाउल में निकालें। सबसे पहले सफेद फोम की एक परत रखें और उसके ऊपर केसर वाला फोम डालें।

अब इसके ऊपर पिसी हुई चीनी, कद्दूकस किया हुआ मावा, हल्की दरदरी कुटी हुई पीनट चिक्की और कटे हुए पिस्ते डालें।

इसके बाद सूखी गुलाब की पंखुड़ियों को हल्का क्रश करके ऊपर से छिड़कें। आखिर में कुछ केसर के धागे और खाने योग्य चांदी का वर्क लगाकर इसे सजाएं। आपकी घर की दौलत की चाट तैयार है।

तुरंत सर्व करना है जरूरीदौलत की चाट की सबसे खास पहचान इसका नाजुक और झागदार टेक्सचर है। इसलिए इसे सजाने के बाद ज्यादा देर तक रखने के बजाय तुरंत सर्व करना बेहतर होता है। ज्यादा देर रखने पर इसका फोम बैठ सकता है और इसका असली टेक्सचर कम हो सकता है।

दौलत की चाट बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान

फुल-फैट दूध का इस्तेमाल करें: कम फैट वाले दूध से मनचाहा झाग और टेक्सचर मिलना मुश्किल हो सकता है।

दूध अच्छी तरह ठंडा करें: फेंटने से पहले दूध का अच्छी तरह ठंडा होना जरूरी है।

फेंटने में जल्दबाजी न करें: अच्छा फोम तैयार होने में थोड़ा समय लग सकता है।

चीनी स्वाद के अनुसार डालें: आप अपनी पसंद के मुताबिक चीनी की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं।

चौड़े बाउल में सर्व करें: इससे फोम की परत बेहतर तरीके से दिखाई देती है और इसे सजाना भी आसान रहता है।

घर पर बनाएं दिल्ली का मशहूर स्वाद

दौलत की चाट बनाने की प्रक्रिया भले ही थोड़ी मेहनत और धैर्य मांगती हो, लेकिन तैयार होने के बाद इसका हल्का, मलाईदार और केसरयुक्त स्वाद इसे खास बना देता है। अगर आप पुरानी दिल्ली के इस मशहूर स्वाद को घर पर महसूस करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर आजमा सकते हैं।

संबंधित पोस्ट