यूपी में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, हापुड़ में 955 किलो मिलावटी क्रीम बरामद, फैक्ट्री सील

यूपी में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई, हापुड़ में 955 किलो मिलावटी क्रीम बरामद, फैक्ट्री सील

हापुड़: रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। हापुड़ में खाद्य विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस चल रही एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 955 किलोग्राम कथित मिलावटी क्रीम और 55 किलो रिफाइंड तेल बरामद किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 250 रुपये बताई गई है।

बिना लाइसेंस किराए के मकान में चल रहा था काम

मामला हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फतेहपुर का है। यहां एक किराए के मकान में बिना खाद्य लाइसेंस के कथित तौर पर मिलावटी क्रीम तैयार की जा रही थी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेकी के बाद देर रात औचक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में तैयार क्रीम बरामद हुई।

दही, पाम ऑयल और वनस्पति से तैयार की जा रही थी क्रीम

जांच के दौरान विभाग को पता चला कि सपरेटा दही, रिफाइंड पाम ऑयल, वनस्पति और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम को मिलाकर कथित तौर पर नकली क्रीम तैयार की जा रही थी।

विभाग के मुताबिक, त्योहारों के दौरान पनीर और देसी घी की बढ़ती मांग को देखते हुए इस क्रीम का इस्तेमाल इन खाद्य उत्पादों को तैयार करने में किया जाना था। तैयार माल को दिल्ली-NCR, मेरठ, अमरोहा और बुलंदशहर समेत आसपास के बाजारों में भेजने की तैयारी थी।

955 किलो क्रीम मौके पर ही नष्ट

खाद्य विभाग की टीम ने बरामद 955 किलो कथित मिलावटी क्रीम को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।

बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मालिक के खिलाफ कोर्ट में वाद की तैयारी

सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि कुचेसर रोड फतेहपुर स्थित बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद कर नष्ट करा दी गई है।

प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया है और उसके मालिक तुषार शर्मा के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

त्योहारों को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी

त्योहारी सीजन में मिठाई, पनीर, मक्खन और घी की मांग बढ़ने के साथ मिलावटखोरी की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है।

विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मिठाई, क्रीम, पनीर और घी खरीदते समय सावधानी बरतें।

खास तौर पर खुले में बिकने वाले और असामान्य रूप से सस्ते खाद्य पदार्थ खरीदने से बचें और खाद्य सामग्री अधिकृत एवं विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें।

संबंधित पोस्ट