नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान दिल्ली में छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मंगलवार (21 जुलाई, 2026) को अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और प्रशासन से कई सवाल पूछे।
“मैं प्रशासन से पूछना चाहता हूं…”
वीडियो में खेसारी लाल यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आई छात्रों की तस्वीरें और वीडियो देखकर उन्हें बेहद दुख हुआ।
उन्होंने कहा, “मैंने बच्चों की तड़प देखी… मैं प्रशासन से पूछना चाहता हूं कि आप भी कभी छात्र रहे होंगे और आपके बच्चे भी कभी छात्र बनेंगे। अगर यही सब उनके साथ होता तो आपको कैसा लगता? अपने भविष्य के लिए लड़ना क्या गुनाह है?”
“बच्चों का भविष्य चोरी हो गया”
खेसारी लाल यादव ने छात्रों की मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह किसी व्यक्ति की वर्षों की जमा पूंजी चोरी हो जाए तो उसे गहरा दुख होता है, उसी तरह छात्रों के साथ भी हुआ है।
उन्होंने कहा, “आप सोचिए कि आपने मेहनत से धन इकट्ठा किया हो और वह अचानक चोरी हो जाए, तो कितना बुरा लगेगा। बच्चों के साथ भी यही हुआ है। वे कई वर्षों से मेहनत कर रहे थे ताकि अपना भविष्य बना सकें, लेकिन उनका भविष्य ही उनसे छिन गया।”
अभिभावकों की पीड़ा का भी किया जिक्र
भोजपुरी अभिनेता ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ छात्रों की नहीं, बल्कि उन माता-पिता की भी है, जिन्होंने वर्षों की मेहनत और उम्मीदों के साथ अपने बच्चों की पढ़ाई में निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की भावनाओं और संघर्ष को भी समझना जरूरी है, जो अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए लगातार मेहनत करते हैं।
गौरतलब है कि संसद मार्च के दौरान हुई घटनाओं को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस बीच खेसारी लाल यादव का बयान भी चर्चा का विषय बन गया है।
