बिहार: बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने सासाराम लघु सिंचाई प्रमंडल के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने बुधवार सुबह उनके 6 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
जांच एजेंसी के मुताबिक, प्रारंभिक सत्यापन में अरविंद कुमार चौधरी के पास 1,19,98,534 रुपये की ज्ञात आय से अधिक संपत्ति होने की बात सामने आई है। एजेंसी का दावा है कि यह रकम उनकी ज्ञात आय से करीब 85.05 फीसदी अधिक है। इसी आधार पर तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी में क्या-क्या मिला?
तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कैश, सोने-चांदी के गहने, चांदी के सिक्के, कीमती घड़ियां, चांदी के बर्तन और महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।
सामने आई तस्वीरों में नोटों की गड्डियां, चांदी के बर्तन और आभूषण दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, बरामद सामान और संपत्ति का अंतिम मूल्यांकन तलाशी और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
EOU की कार्रवाई के बाद अब अधिकारियों की नजर बरामद संपत्ति के स्रोत और इंजीनियर की आय से उसके संबंध पर है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
