NEET-UG 2026 विवाद: CJP प्रदर्शन को बताया ‘स्पॉन्सर्ड’, प्रदर्शनकारियों पर साधा निशाना

NEET-UG 2026 विवाद: CJP प्रदर्शन को बताया ‘स्पॉन्सर्ड’, प्रदर्शनकारियों पर साधा निशाना

Spread the love

मुंबई: अभिनेता मुकेश खन्ना ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदर्शनकारियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि यह आंदोलन वास्तविक छात्रों का नहीं, बल्कि एक “स्पॉन्सर्ड प्रोटेस्ट” था। साथ ही उन्होंने युवाओं से ऐसे आंदोलनों से दूर रहने की अपील भी की।

‘यह असली छात्रों का आंदोलन नहीं था’

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में मुकेश खन्ना ने कहा कि भले ही वह इस समय भारत से बाहर हैं, लेकिन सोशल मीडिया के माध्यम से घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि NEET-UG 2026 पेपर लीक के विरोध में जिन लोगों को आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते देखा गया, वे वास्तविक छात्र नहीं थे।

मुकेश खन्ना ने कहा, “अगर यही हमारी अगली पीढ़ी है और आने वाले वर्षों में देश इनके कंधों पर होगा, तो चिंता की बात है। लेकिन मुझे लगता है कि ये असली छात्र नहीं हैं, बल्कि कुछ ऐसे लोग हैं जो आंदोलन के नाम पर अलग मकसद से आए थे।”

प्रदर्शन को बताया ‘स्पॉन्सर्ड’

अभिनेता ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित था।

उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से यह असली छात्रों का आंदोलन नहीं था। यह एक स्पॉन्सर्ड आंदोलन था, जिसमें भारी पैसा लगाया गया था। जो लोग कैमरे के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे, वे देश के छात्रों का प्रतिनिधित्व नहीं करते।”

प्रदर्शनकारियों की तुलना ‘कॉकरोच’ से की

मुकेश खन्ना ने अपने वीडियो में प्रदर्शनकारियों की तुलना ‘कॉकरोच’ से करते हुए कहा कि जैसे घर में कॉकरोच आने पर उन्हें बाहर निकाल दिया जाता है, वैसे ही समाज में गंदी भाषा और नफरत फैलाने वालों को भी जगह नहीं मिलनी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि किसी के बहकावे में आकर ऐसा कोई बयान न दें, जिसका असर उनके भविष्य और करियर पर पड़े।

युवाओं को दी चेतावनी

मुकेश खन्ना ने कहा कि कैमरे के सामने दिए गए बयान हमेशा रिकॉर्ड में रहते हैं और भविष्य में नौकरी या करियर पर इसका असर पड़ सकता है।

उन्होंने कहा, “अपने भविष्य के बारे में सोचिए। ऐसे लोगों से दूर रहिए जो आपको इस्तेमाल करके छोड़ देंगे।”

इंस्टाग्राम पोस्ट में भी जताई नाराजगी

वीडियो के साथ साझा किए गए पोस्ट में मुकेश खन्ना ने लिखा कि समाज में नफरत और अभद्र भाषा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से संयम बरतने और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने की अपील की।

हाल ही में खत्म हुआ था प्रदर्शन

गौरतलब है कि कथित NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर CJP के नेतृत्व में चला विरोध प्रदर्शन हाल ही में समाप्त हुआ। प्रदर्शन के दौरान कई मांगें उठाई गई थीं। सरकार की ओर से कुछ मांगें स्वीकार किए जाने के बाद आंदोलन वापस ले लिया गया।

संबंधित पोस्ट