नई दिल्ली: टीवी अभिनेत्री अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा, शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति, सास और ननद पर लगाए गंभीर आरोप
एफआईआर के अनुसार, अदिति शर्मा ने अपने पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। साथ ही, अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी सास ने शादी के गहने अपने पास रख लिए और कई बार मांगने के बावजूद उन्हें वापस नहीं किया।
2021 में हुई थी पहली मुलाकात
पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, अदिति शर्मा की मुलाकात जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग कोर्स के दौरान अभिनीत विद्यानंद कौशिक से हुई थी। समय के साथ दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
बताया गया है कि सितंबर 2024 में दोनों गोरेगांव पश्चिम स्थित एक किराए के फ्लैट में रहने लगे और 12 नवंबर 2024 को दोनों परिवारों की सहमति से विवाह किया।
शादी के बाद बदल गया व्यवहार, पैसे मांगने का आरोप
अदिति शर्मा ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद ही उनके पति का व्यवहार बदल गया। उनके अनुसार, कपड़ों और अन्य छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होने लगे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के खर्च में सहयोग करने के बजाय उनके पति उनसे पैसे मांगते थे।
चरित्र पर शक करने का भी लगाया आरोप
अदिति शर्मा के मुताबिक, 1 जनवरी 2025 को कॉफी को लेकर हुए विवाद के बाद रिश्तों में और तनाव बढ़ गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उनके पति ने उनके चरित्र पर संदेह करना शुरू कर दिया, उन पर धोखा देने के आरोप लगाए और उनका मोबाइल फोन नियमित रूप से चेक करने लगे। अभिनेत्री का यह भी दावा है कि बाद में उनके पति ने उनके साथ एक ही कमरे में रहना भी बंद कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
गोरेगांव पुलिस ने अभिनेत्री की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
