नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए सिल्वर मेडल जीतने वाली स्टार बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन द्वारा भारतीय नक्शे को लेकर आपत्ति जताने के बाद ग्लासगो स्थित ‘मिस्टर सिंह इंडिया’ रेस्टोरेंट विवादों में आ गया है। विवाद बढ़ने के बीच रेस्टोरेंट का इंस्टाग्राम अकाउंट अब उपलब्ध नहीं है।
रेस्टोरेंट के लोगो पर जताई थी आपत्ति
यह मामला तब सामने आया जब कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय बॉक्सिंग दल ग्लासगो के ‘मिस्टर सिंह इंडिया’ रेस्टोरेंट में जश्न मनाने पहुंचा था।
लवलीना बोरगोहेन ने आरोप लगाया कि रेस्टोरेंट के आधिकारिक लोगो और नैपकिन पर छपे भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर (North-East) के राज्यों को नहीं दिखाया गया था, जबकि कश्मीर के नक्शे को भी अधूरा दर्शाया गया था।
उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
लवलीना ने जताई नाराजगी
असम से आने वाली लवलीना बोरगोहेन ने कहा कि भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर राज्यों को गायब दिखाना बेहद दुखद और आपत्तिजनक है। उनके वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर व्यापक प्रतिक्रिया देखने को मिली।
रेस्टोरेंट ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद रेस्टोरेंट की ओर से माफी जारी की गई। रेस्टोरेंट प्रबंधन ने कहा कि विवादित लोगो को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस बीच, रेस्टोरेंट का इंस्टाग्राम अकाउंट भी उपलब्ध नहीं है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि अकाउंट हटाया गया है या अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर कई उपयोगकर्ताओं ने रेस्टोरेंट की आलोचना की थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत के 14 बॉक्सरों में से 10 ने पदक जीते, जिनमें सात मुक्केबाजों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। लवलीना बोरगोहेन ने भी प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
