नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का समापन भारत के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारत के खाते में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक आए।
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में केवल 10 खेलों का आयोजन हुआ था, लेकिन इसके बावजूद भारतीय दल ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 39 पदक अपने नाम किए।
38 खिलाड़ियों ने दिलाए पदक
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के 38 एथलीटों ने पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। स्टार खिलाड़ियों नीरज चोपड़ा, मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन समेत कई भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं गुलवीर सिंह भारत के एकमात्र खिलाड़ी रहे जिन्होंने दो अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीते। उन्होंने 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक और 5,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया।
PM मोदी ने दी खिलाड़ियों को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए लिखा,
“ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों के प्रदर्शन पर गर्व है। मुझे खुशी है कि भारत ने 13 स्वर्ण सहित कुल 39 पदक जीते। सभी पदक विजेताओं को हार्दिक बधाई।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार कौशल, दृढ़ संकल्प और समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश के युवाओं को प्रेरित करेगी और भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी भारतीय खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते रहेंगे।
कम खिलाड़ियों के बावजूद शानदार प्रदर्शन
गौरतलब है कि 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की ओर से 210 खिलाड़ी शामिल हुए थे, जबकि 2026 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्समें केवल 122 खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा थे।
इसके बावजूद भारत ने पदक तालिका में अपना चौथा स्थान बरकरार रखा और 39 पदकों के साथ एक मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया।
