मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने एक कार्यक्रम के दौरान अभिनेता विवेक ओबेरॉय और आर माधवन पर निशाना साधते हुए उनके दुबई में रहने को लेकर सवाल उठाए। मनसे छात्र संगठन (महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना) की 20वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित रैली में उन्होंने यह टिप्पणी की।
कार्यक्रम के दौरान राज ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। इसके बाद उन्होंने कहा कि यदि कोई अभिनेता यह दावा करता है कि देश में सकारात्मक बदलाव आए हैं और वह सरकार की खुलकर तारीफ करता है, तो उसे यह भी बताना चाहिए कि वह विदेश में क्यों रह रहा है।
राज ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिल्म बनाने और उनका किरदार निभाने वाले विवेक ओबेरॉय दुबई में रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी की सराहना करने वाले अभिनेता आर माधवन भी दुबई में बस गए हैं। राज ठाकरे ने सवाल किया कि यदि भारत में इतना बदलाव आया है और देश से इतना प्रेम है, तो विदेश में रहने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
हालांकि, दोनों अभिनेता पहले ही सार्वजनिक रूप से दुबई में रहने की वजह बता चुके हैं। आर माधवन ने अपने इंटरव्यू में कहा था कि कोविड-19 महामारी के दौरान अपने बेटे के प्रोफेशनल स्विमिंग करियर को बेहतर अवसर दिलाने के लिए उन्होंने दुबई शिफ्ट होने का फैसला किया। वहीं विवेक ओबेरॉय ने बताया था कि उन्होंने अपने कारोबार के विस्तार और बिजनेस से जुड़े कारणों के चलते दुबई को अपना आधार बनाया।
राज ठाकरे के इस बयान के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।
