नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके अब अपनी आगे की रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। उनके आवास पर आज से पार्टी पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक शुरू हो रही है, जिसमें संगठन के भविष्य और अगले कदमों पर चर्चा की जाएगी।
रॉयटर्स को दिए एक इंटरव्यू में अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका राजनीति में उतरने का कोई तत्काल इरादा नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में परिस्थितियों और जनता की इच्छा के अनुसार इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
अभिजीत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता युवाओं, खासकर Gen Z, की राय जानना है। उन्होंने बताया कि दो दिनों तक समर्थकों के साथ बैठक कर यह तय किया जाएगा कि संगठन किन मुद्दों को प्राथमिकता देगा और सामाजिक आंदोलन को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।
राजनीति में एंट्री पर क्या बोले अभिजीत?
दीपके ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का एजेंडा तय करना और सामाजिक आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाना है। उन्होंने फिलहाल चुनाव लड़ने से इनकार किया, लेकिन कहा कि यदि जनता का बहुमत चाहेगा तो वे राजनीतिक दल बनाने और भविष्य में चुनाव लड़ने पर विचार कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “भारत में मुझे नहीं लगता कि अभी कोई नई राजनीतिक पार्टी बनाना सही रास्ता है। देश को इस समय ऐसे जन-आंदोलन की जरूरत है, जो सभी संस्थानों पर लोगों का भरोसा और उनकी जवाबदेही वापस ला सके। फिलहाल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का पूरा ध्यान युवाओं की आवाज उठाने पर रहेगा।”
अभिजीत दीपके के अनुसार, देश के कई युवाओं का नेताओं, न्यायपालिका और मीडिया पर भरोसा कम हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में CJP युवाओं के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाती रही और सरकार पर लोकतांत्रिक तरीके से दबाव बनाए रखने में सफल रही, तो उसे व्यापक जनसमर्थन मिल सकता है।
