नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। असम और केरल में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि दिल्ली-एनसीआरसमेत कई राज्यों में लगातार बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली में 56 मिमी बारिश, तापमान में 5 डिग्री की गिरावट
गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। राजधानी में 56 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 23°C रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दिन के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश का दौर
IMD ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं बिहार में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 9 अगस्त तक कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा बांकुड़ा में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
इसके अलावा कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया और पश्चिम बर्धमान जिलों में भी शुक्रवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने भरतपुर, जयपुर और कोटा संभागमें मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
वहीं 7 से 10 अगस्त के बीच भरतपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।
केरल के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान केरल के मध्य और उत्तरी हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान जताया है।
कासरगोड, कन्नूर, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम, अलाप्पुझा और पथानामथिट्टा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के अन्य 7 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
