नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के एक वीडियो को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की टिप्पणी के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है। राहुल गांधी के महिला अधिकारों और महिलाओं की स्वतंत्रता से जुड़े वीडियो पर रिजिजू ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे कांग्रेस की ओर से एक सकारात्मक संदेश बताया था। अब राहुल गांधी की तरफ से भी इस पर प्रतिक्रिया सामने आई है।
महिलाओं के अधिकारों पर क्या बोले राहुल गांधी?
कांग्रेस ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में राहुल गांधी महिलाओं के अधिकार, आजादी और उनकी अभिव्यक्ति को लेकर अपनी बात रखते नजर आए।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत की महिलाओं की एनर्जी दबी हुई है और उन्हें खुद को व्यक्त करने या कल्पना करने की पूरी आजादी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब तक सफल नहीं हो सकता, जब तक वहां की महिलाएं खुद को पूरी तरह से व्यक्त नहीं कर पातीं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि उनकी राजनीति का एक बड़ा हिस्सा इस बात पर केंद्रित है कि लोगों को यह समझाया जाए कि महिलाओं की अभिव्यक्ति के बिना भारत अधूरा और अविकसित है।
किरेन रिजिजू ने क्या कहा?
राहुल गांधी के X पोस्ट किए गए वीडियो को री-पोस्ट करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की ओर से एक सकारात्मक संदेश लगता है।
रिजिजू ने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाओं के प्रति उनकी सोच में स्पष्ट बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी।
संसद में भी राहुल गांधी और रिजिजू की मुलाकात
सोशल मीडिया पर बयानबाजी के अलावा दोनों नेताओं की हाल ही में संसद में भी मुलाकात हुई है। संसद में जारी गतिरोध के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में राहुल गांधी से मुलाकात की थी।
खास बात यह है कि करीब 10 दिनों के भीतर दोनों नेताओं की दो बार मुलाकात हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान बातचीत में परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित बिल का मुद्दा भी अहम रहा। संसद में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के बीच दोनों नेताओं की मुलाकात को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
