राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पहली बार बोले बृजभूषण शरण सिंह, कहा- ‘गलती तो हुई है, जांच भी हो रही है’

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पहली बार बोले बृजभूषण शरण सिंह, कहा- ‘गलती तो हुई है, जांच भी हो रही है’

Spread the love

नई दिल्ली: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। एबीपी न्यूज के कार्यक्रम ‘चर्चा विद चित्रा’ में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मामले में गलती हुई है और इसकी जांच भी चल रही है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह कैमरे पर यह बात कह रहे हैं कि “गलती तो हुई है, जिसकी जांच भी हो रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि चढ़ावा चोरी के मामले में कुछ नाम सामने आए हैं और जांच के दौरान आगे कुछ और नाम सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

चंपत राय के इस्तीफे पर क्या बोले?

राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच चंपत राय के इस्तीफे को लेकर भी बृजभूषण शरण सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पद पर होने के कारण चंपत राय ने इस्तीफा दिया है, हालांकि अभी तक किसी जांच में उन्हें दोषी नहीं पाया गया है।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी जिस व्यक्ति के पद पर थी, इसलिए उनका इस्तीफा हुआ है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस्तीफा देने का मतलब जांच में दोषी साबित होना नहीं है।

विपक्ष पर लगाया राजनीति करने का आरोप

बृजभूषण शरण सिंह ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामले में गलती हुई है, लेकिन जिस तरह से इसे बताया और दिखाया जा रहा है, वास्तविकता वैसी नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रहा है।

राम मंदिर क्यों नहीं जाते बृजभूषण शरण सिंह?

बृजभूषण शरण सिंह से जब रामलला के दर्शन के लिए राम मंदिर नहीं जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसका खंडन किया कि चढ़ावा चोरी विवाद की वजह से वह मंदिर नहीं जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह पहले से ही राम मंदिर नहीं जाते हैं। उनके मुताबिक, 6 दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद विध्वंस के दौरान वह अयोध्या में मौजूद थे और 7 दिसंबर 1992 को वह आखिरी बार अयोध्या गए थे। इसके बाद से वह राम मंदिर नहीं गए।

उन्होंने कहा कि वह हनुमानगढ़ी जाते हैं, लेकिन राम मंदिर नहीं जाते।

‘राम मंदिर के किसी कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया’

बृजभूषण शरण सिंह ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय करीब 40 लोगों को आरोपी बनाया गया था और सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जबकि उनके मुताबिक इस मामले में उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर से जुड़े किसी भी कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में उन लोगों को आमंत्रित किया गया, जो भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, लेकिन उन्हें किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया।

राम मंदिर चढ़ावा विवाद और रामलला के दर्शन को लेकर बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान अब चर्चा में है।

संबंधित पोस्ट