टोरंटो में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का आरोपी 7 महीने बाद गिरफ्तार

टोरंटो में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या का आरोपी 7 महीने बाद गिरफ्तार

Spread the love

टोरंटो: कनाडा के टोरंटो में भारतीय मूल की 30 वर्षीय महिला हिमांशी खुराना की हत्या के करीब सात महीने बाद पुलिस ने 32 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हिमांशी की हत्या के मामले में उनके करीबी साथी अब्दुल गफूरी की तलाश की जा रही थी। उसे शुक्रवार को टोरंटो एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।

टोरंटो पुलिस ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि भगोड़े आरोपियों को पकड़ने वाली टीम और हत्या की जांच कर रही यूनिट के अधिकारियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुलिस सेवाओं के साथ मिलकर आरोपी को कनाडा वापस लाने के लिए काम किया। हालांकि, पुलिस ने यह जानकारी नहीं दी कि गिरफ्तारी से पहले अब्दुल गफूरी किस देश में था।

20 दिसंबर को घर में मिला था शव

पुलिस के अनुसार, हिमांशी खुराना को 20 दिसंबर को टोरंटो के एक घर में मृत पाया गया था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया था।

पुलिस को 19 दिसंबर की रात करीब 10:41 बजे स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से एक महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे उसी इलाके के एक घर में महिला का शव बरामद किया गया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि हिमांशी खुराना और अब्दुल गफूरी के बीच करीबी रिश्ता था। इसके बाद पुलिस ने गफूरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया और उसकी तस्वीर सार्वजनिक करते हुए लोगों से उसके बारे में जानकारी देने की अपील की थी।

फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप

पुलिस ने अब्दुल गफूरी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, उसे शुक्रवार को टोरंटो एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया।

यह मामला 2025 में टोरंटो में दर्ज हुई हत्याओं में 40वां मामला था।

भारतीय कॉन्सुलेट ने जताया था दुख

हिमांशी खुराना की मौत के बाद टोरंटो स्थित भारत के कॉन्सुलेट जनरल ने भी दुख और हैरानी जताई थी। कॉन्सुलेट ने कहा था कि वह हिमांशी के परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संपर्क में है।

कॉन्सुलेट जनरल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा था, “टोरंटो में एक युवा भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या से हमें गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”

करीब सात महीने तक फरार रहने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से अब इस मामले की जांच में आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ है।

संबंधित पोस्ट