मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे की चचेरी बहन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अलाना पांडे ने फैंस के साथ बड़ी खुशखबरी शेयर की है। अलाना दूसरी बार मां बनने वाली हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खूबसूरत वीडियो पोस्ट कर अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की है।
पति और बेटे के साथ शेयर किया वीडियो
अलाना पांडे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह अपने पति इवोर मैकक्रे और बेटे रिवर के साथ नजर आ रही हैं। वीडियो में अलाना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती दिखाई दे रही हैं।
इस पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “प्यार करने के लिए एक और सदस्य।” अलाना की प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और सेलिब्रिटीज उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
फ्लोरल ड्रेस में नजर आईं अलाना
वीडियो में अलाना व्हाइट कलर की फ्लोरल प्रिंटेड फ्लोई मैक्सी ड्रेस पहने दिखाई दे रही हैं। ड्रेस पर ऑरेंज और पीच कलर के फ्लोरल प्रिंट के साथ रफल डिटेलिंग है।
उन्होंने अपने बालों को हाफ-टाई पोनीटेल स्टाइल में रखा और मिनिमल एक्सेसरीज के साथ अपना लुक पूरा किया। वीडियो में अलाना अपने पति और बेटे के साथ काफी खुश नजर आ रही हैं।
अनन्या पांडे ने भी दी बधाई
अलाना की प्रेग्नेंसी की खबर सामने आने के बाद अनन्या पांडे ने भी अपनी खुशी जाहिर की। अनन्या ने अलाना का प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए कपल को बधाई दी।
उन्होंने पोस्ट के साथ रेड हार्ट और इविल आई इमोजी भी शेयर किए। इसके अलावा कई अन्य बॉलीवुड सितारों ने भी अलाना और इवोर को शुभकामनाएं दीं।
डिनो मोरिया ने हार्ट-आई इमोजी के जरिए रिएक्ट किया। वहीं, एक्ट्रेस लारा दत्ता और अनुषा दांडेकर ने कमेंट कर कपल को बधाई दी।
कौन हैं अलाना पांडे?
अलाना पांडे, डियाने पांडे और चिक्की पांडे की बेटी हैं। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं। अलाना वेब सीरीज ‘द ट्राइब’ में भी नजर आ चुकी हैं।
अलाना अपने परिवार के साथ लॉस एंजिल्स में रहती हैं। उनके पति इवोर मैकक्रे अमेरिकी फिल्म डायरेक्टर और फोटोग्राफर हैं।
अलाना और इवोर पहले से एक बेटे के माता-पिता हैं। अब कपल अपने दूसरे बच्चे के स्वागत की तैयारी कर रहा है।
