Crime Patrol की नए सीजन के साथ वापसी, Ajay Devgn संभालेंगे होस्टिंग की कमान

Crime Patrol की नए सीजन के साथ वापसी, Ajay Devgn संभालेंगे होस्टिंग की कमान

Spread the love

मुंबई: सोनी टीवी का पॉपुलर क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ लंबे इंतजार के बाद नए सीजन के साथ वापसी करने जा रहा है। इस बार शो में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन ‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करेंट’ की होस्टिंग करते नजर आएंगे। उन्होंने लंबे समय तक शो की मेजबानी करने वाले अनूप सोनी को रिप्लेस किया है।

रिलीज हुआ ‘क्राइम पेट्रोल’ का नया प्रोमो

मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी कर दिया है, जिसमें अजय देवगन समाज में बढ़ते अपराध और बदलते आपराधिक मामलों पर बात करते नजर आ रहे हैं।

प्रोमो में अजय देवगन कहते हैं कि बचपन में लोगों को अजनबियों से सावधान रहने और रात में घर का दरवाजा बंद रखने की सीख दी जाती थी। लेकिन आज के कई मामलों में अपराध करने वाला कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि अपना ही होता है।

अजय देवगन कहते हैं, “जुर्म करने वाला कोई अनजान नहीं… अपना होता है। जिन्हें हमारे घर का रास्ता भी पता होता है, कभी-कभार चाबी भी होती है और डाइनिंग टेबल पर कुर्सी भी। मतलब कई केसेस में अपना ही खून। इट्स शॉकिंग।”

इसके बाद वह कहते हैं कि इस बार ‘क्राइम पेट्रोल’ में ऐसे मामलों को सामने लाया जाएगा, जिन्होंने पूरे देश को हिलाकर रख दिया।

अजय देवगन कहते हैं, “हमें घबराना नहीं है, हमें समझना है क्योंकि ये आज हो रहा है। ऐसे ही कुछ केसेस में मैं रहूंगा आपके साथ।”

मेकर्स ने प्रोमो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “इस बार मैं रहूंगा आपके साथ।”

31 अगस्त से शुरू होगा नया सीजन

अपराध की सच्ची घटनाओं पर आधारित ‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करेंट’ का टेलीकास्ट 31 अगस्त 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर शुरू होगा। दर्शक इस शो को OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के शुरुआती 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है। नए सीजन में अजय देवगन की एंट्री को लेकर दर्शकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अजय देवगन का टीवी होस्टिंग डेब्यू

‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन के साथ अजय देवगन छोटे पर्दे पर होस्ट के तौर पर डेब्यू करने जा रहे हैं। बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग के लिए मशहूर अजय देवगन के लिए यह एक अलग तरह की जिम्मेदारी होगी।

शो में उनकी एंट्री के साथ मेकर्स ने फॉर्मेट में भी नया बदलाव लाने की तैयारी की है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अजय देवगन की होस्टिंग को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है।

अनूप सोनी ने कई साल तक की शो की मेजबानी

अजय देवगन से पहले अनूप सोनी लंबे समय तक ‘क्राइम पेट्रोल’ की पहचान बने रहे। उन्होंने साल 2010 से 2018 तक शो को होस्ट किया था।

इस दौरान उनका “सावधान रहें, सतर्क रहें” डायलॉग दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। अब कई साल बाद अजय देवगन उनकी जगह शो की कमान संभालेंगे।

‘क्राइम पेट्रोल’ की नई वापसी और अजय देवगन की होस्टिंग को लेकर शो के फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

संबंधित पोस्ट