मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं हार्दिक पांड्या? ट्रेड में इन बड़े खिलाड़ियों के नाम

मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं हार्दिक पांड्या? ट्रेड में इन बड़े खिलाड़ियों के नाम

Spread the love

नई दिल्ली: IPL 2027 से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर ट्रेड की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। हार्दिक के मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ने की अटकलों के बीच अब दावा किया जा रहा है कि उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए 5 IPL फ्रेंचाइजियों ने दिलचस्पी दिखाई है। इनमें चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स के अलावा लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के नाम भी सामने आए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, संभावित ट्रेड में कई बड़े खिलाड़ियों के नाम शामिल हो सकते हैं। दिल्ली कैपिटल्स तो हार्दिक को हासिल करने के लिए अपने एक मार्की खिलाड़ी को भी मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड करने पर विचार कर सकती है।

दिल्ली कैपिटल्स कर सकती है अक्षर पटेल का ट्रेड

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करने के लिए अक्षर पटेल को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेडकर सकती है।

मुंबई इंडियंस के स्पिन गेंदबाजी अटैक को लेकर पिछले कुछ सीजन में सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में अक्षर पटेल टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं। इसके अलावा अक्षर के पास कप्तानी और लीडरशिप का भी अनुभव है।

LSG से निकोलस पूरन का नाम

लखनऊ सुपर जायंट्स के पास मिचेल मार्श के रूप में शानदार ऑलराउंडर मौजूद हैं, लेकिन उनकी गेंदबाजी में नियमित योगदान देखने को कम मिलता है। ऐसे में हार्दिक पांड्या के ट्रेड की स्थिति में निकोलस पूरन को संभावित डील का हिस्सा माना जा रहा है।

अगर यह ट्रेड होता है तो निकोलस पूरन मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन सकते हैं और हार्दिक पांड्या लखनऊ सुपर जायंट्स में जा सकते हैं।

CSK की पहली प्राथमिकता हार्दिक नहीं, कोच की नियुक्ति

चेन्नई सुपर किंग्स का नाम हार्दिक पांड्या को लेकर काफी समय से चर्चा में है। हालांकि, CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन के मुताबिक फ्रेंचाइजी की पहली प्राथमिकता नए हेड कोच की नियुक्ति करना है।

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद CSK को नए हेड कोच की तलाश है। इसके बाद ही फ्रेंचाइजी हार्दिक पांड्या या किसी अन्य खिलाड़ी को ट्रेड करने की संभावना पर विचार करेगी।

पहले ऐसी अटकलें भी सामने आई थीं कि हार्दिक के बदले CSK को दो खिलाड़ियों को रिलीज करना पड़ सकता है। संभावित खिलाड़ियों में शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे और डेवाल्ड ब्रेविस के नाम चर्चा में रहे हैं।

KKR कैमरून ग्रीन को कर सकती है ट्रेड

कोलकाता नाइट राइडर्स भी हार्दिक पांड्या को लेकर संभावित ट्रेड की रेस में शामिल है। KKR के पास कैमरून ग्रीन जैसे बड़े ऑलराउंडर हैं, जिन्हें फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड करने पर विचार कर सकती है।

हालांकि, मुंबई के लिए यह डील कितनी फायदेमंद होगी, इस पर सवाल है। अगले साल IPL के तुरंत बाद एशेज सीरीज खेली जानी है, ऐसे में कैमरून ग्रीन की IPL 2027 में उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

राजस्थान रॉयल्स भी रेस में

राजस्थान रॉयल्स के पास रवींद्र जडेजा, सैम कर्रन, डोनोवन फरेरा और दासुन शनाका जैसे कई ऑलराउंडर विकल्प मौजूद हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक पांड्या को हासिल करने के लिए राजस्थान यशस्वी जायसवाल को रिलीज करने पर भी विचार कर सकती है।

अगर ऐसा होता है तो यह IPL ट्रेड इतिहास की सबसे बड़ी संभावित डील में से एक हो सकती है।

IPL 2027 में किस टीम से खेलेंगे हार्दिक?

फिलहाल हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस छोड़ने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। रिपोर्ट्स में 5 टीमों की दिलचस्पी की बात कही जा रही है, लेकिन ट्रेड को लेकर अंतिम फैसला फ्रेंचाइजियों और खिलाड़ियों की सहमति के बाद ही होगा।

हार्दिक पांड्या IPL में एक बड़े ऑलराउंडर और कप्तानी विकल्प हैं। ऐसे में IPL 2027 से पहले उनका संभावित ट्रेड क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी खबरों में से एक हो सकता है।

संबंधित पोस्ट