UP Election 2027: वाराणसी की शिवपुर सीट पर NDA में बढ़ी खींचतान, BJP और SBSP आमने-सामने

UP Election 2027: वाराणसी की शिवपुर सीट पर NDA में बढ़ी खींचतान, BJP और SBSP आमने-सामने

Spread the love

वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सत्तारूढ़ NDA ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, गठबंधन के भीतर कई विधानसभा सीटों पर सहयोगी दलों के बीच दावेदारी को लेकर खींचतान भी देखने को मिल रही है। वाराणसी की शिवपुर विधानसभा सीट ऐसी ही सीटों में शामिल है, जहां BJP और ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) दोनों की नजर है।

शिवपुर सीट पर BJP-SBSP की दावेदारी

वाराणसी की 8 विधानसभा सीटों में से एक शिवपुर सीट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र में आती है। मौजूदा समय में इस सीट से कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर BJP के विधायक हैं। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी इस सीट पर जीत हासिल की थी।

शिवपुर सीट पर मौर्य, राजभर और पटेल समाज का चुनावी समीकरण महत्वपूर्ण माना जाता है। 2017 से ही इस सीट को लेकर BJP के अनिल राजभर और SBSP के बीच सियासी वर्चस्व की स्थिति देखने को मिलती रही है।

2022 में भी आमने-सामने आ चुके हैं दोनों खेमे

शिवपुर सीट पर BJP और SBSP की दावेदारी का विवाद नया नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जब SBSP समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थी, तब ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने शिवपुर से चुनाव लड़ा था। उनका मुकाबला BJP के अनिल राजभर से हुआ था। अरविंद राजभर को करीब 25 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बावजूद SBSP इस सीट पर अपनी दावेदारी छोड़ने के मूड में नहीं दिख रही है। पार्टी के लिए शिवपुर सीट पूर्वांचल में अपने राजनीतिक प्रभाव को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

2027 के लिए दोनों दलों ने तेज की तैयारी

2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए NDA के दोनों सहयोगी दलों ने शिवपुर में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। एक तरफ अनिल राजभर के समर्थक मैदान में सक्रिय हो चुके हैं और उनका दावा है कि NDA का शीर्ष नेतृत्व एक बार फिर अनिल राजभर पर भरोसा करेगा।

वहीं दूसरी तरफ SBSP ने भी शिवपुर सीट पर संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया है। पार्टी से मिली जानकारी के मुताबिक, उमेश राजभर को शिवपुर विधानसभा सीट का प्रभारी बनाया गया है।

SBSP ने विधानसभा क्षेत्र को 25 जोन और 56 सेक्टर में बांटकर संगठनात्मक तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने सभी बूथों पर करीब 500 कार्यकर्ताओं को तैनात करने का भी दावा किया है।

SBSP ने राजभर उम्मीदवार उतारने के दिए संकेत

SBSP की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि शिवपुर विधानसभा सीट पर राजभर समाज के उम्मीदवार को मैदान में उतारने की तैयारी है। SBSP के जिला अध्यक्ष उमेश राजभर का दावा है कि शिवपुर में पार्टी को लंबे समय से जनसमर्थन मिलता रहा है।

उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में शिवपुर सीट के जरिए पार्टी पूर्वांचल को राजनीतिक संदेश देना चाहती है, क्योंकि इस क्षेत्र में उसका प्रभावशाली जनाधार है। 2022 के विधानसभा चुनाव में SBSP के उम्मीदवार अरविंद राजभर इस सीट पर दूसरे स्थान पर रहे थे।

NDA में सीट बंटवारे पर नजर

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में NDA शिवपुर सीट से किसे मैदान में उतारता है। एक तरफ BJP के मौजूदा विधायक और मंत्री अनिल राजभर का दावा है, तो दूसरी तरफ SBSP इस सीट पर अपनी पुरानी दावेदारी को मजबूत करने में जुटी है।

ऐसे में देखना होगा कि चुनाव से पहले BJP और SBSP के बीच शिवपुर सीट को लेकर किस तरह का समझौता होता है और NDA का शीर्ष नेतृत्व इस सीट पर किसके पक्ष में फैसला करता है।

संबंधित पोस्ट