मुंबई: भोजपुरी मनोरंजन जगत के सितारों से सजा शो ‘भोजपुरी बवाल’ दर्शकों के बीच चर्चा में बना हुआ है। शो के बुधवार के एपिसोड में पवन सिंह, जन्नत जुबैर, तेज प्रताप यादव, काजल राघवानी और आम्रपाली दुबे से जुड़े कई खास पल देखने को मिले। जहां पवन सिंह ने अपने करियर और सिंगिंग को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं, वहीं आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी की अपनी-अपनी मां के साथ बातचीत ने भी ध्यान खींचा।
पवन सिंह बोले- एक दिन में 18 गाने गा चुका हूं
एपिसोड की शुरुआत पवन सिंह और जन्नत जुबैर के साथ हुई। दोनों ने साथ में कोलैबोरेशन किया। बातचीत के दौरान पवन सिंह ने अपने काम करने के जुनून के बारे में बताया।
पवन सिंह ने कहा कि उन्हें काम करना पसंद है और वह एक दिन में 20 गाने तक गा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अपनी जिंदगी में वह एक दिन में 18 गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं। पवन के मुताबिक, उन्होंने गुजरात में 72 घंटे शूटिंग करने के बाद मुंबई जाकर 18 गाने गाए और फिर वापस जाकर 24 घंटे शूटिंग कर एक फिल्म पूरी की।
उन्होंने अपने गाने का जिक्र करते हुए बताया कि उनका एक गाना फिल्म ‘स्त्री 2’ में भी आया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। पवन सिंह ने कहा कि वह अपने मूड के हिसाब से काम करते हैं और उनकी पहली पसंद सिंगिंग है, जबकि एक्टिंग उनके लिए दूसरे नंबर पर आती है।
6 साल की उम्र से काम कर रहे हैं पवन सिंह
बातचीत के दौरान पवन सिंह ने बताया कि उन्होंने महज 6 साल की उम्र से काम करना शुरू कर दिया था। जन्नत जुबैर ने भी बताया कि उन्होंने भी 6 साल की उम्र से काम शुरू किया था और उनके पिता उन्हें ऑडिशन के लिए लेकर जाते थे।
पवन सिंह ने अपने बचपन का एक किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब वह 9 साल के थे, तब उन्होंने एक शो बुक किया था। कार्यक्रम में हर कलाकार के लिए परफॉर्मेंस का समय तय था, लेकिन पवन के गाने के बाद साउंड सिस्टम वाले ने कथित तौर पर उनकी आवाज रिकॉर्ड कर ली।
बाद में वह रिकॉर्डिंग कैसेट के रूप में रिलीज हुई और पवन सिंह के मुताबिक, वह काफी सफल रही। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
तेज प्रताप यादव ने पिता लालू यादव के साथ मनाया खास पल
शो में तेज प्रताप यादव अपने पिता और RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह में उनका इंतजार करते नजर आए। कुछ समय बाद लालू यादव वहां पहुंचे। तेज प्रताप ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और दोनों ने साथ में केक काटा।
लालू यादव ने अपने बेटे को केक भी खिलाया। इस दौरान तेज प्रताप अपने पिता का खास ख्याल रखते नजर आए। उन्होंने कहा कि मां-पिता का आशीर्वाद ही जिंदगी का सबसे कीमती तोहफा होता है।
काजल राघवानी की मां हुईं भावुक
शो में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की मां शारदा अपनी बेटी को एस्ट्रोलॉजर के पास ले जाना चाहती हैं। बातचीत के दौरान उनकी मां भावुक हो गईं और उन्होंने बेटी से कहा कि वह सिर्फ उसे खुश देखना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि जिंदगी हंसते हुए जीनी चाहिए और अगर काजल को कभी कोई परेशानी हो तो उनके लिए घर का दरवाजा हमेशा खुला है।
इसके बाद काजल अपनी मां के साथ एस्ट्रोलॉजर सौरीश के पास पहुंचीं। वहां उन्हें अपने पुराने रिश्तों और बचपन से जुड़े अनुभवों को लेकर कई बातें बताई गईं। एस्ट्रोलॉजर ने उन्हें शनि मंदिर जाने और शनि देव के सामने प्रार्थना करने की सलाह दी।
आम्रपाली दुबे ने मां के सामने जताई नाराजगी
आम्रपाली दुबे भी अपनी मां के साथ बातचीत करती नजर आईं। उनकी मां ने अभिनेत्री के करियर और निजी जिंदगी को लेकर कई बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आम्रपाली ने इंडस्ट्री में काफी कुछ हासिल किया है, लेकिन अब वह पहले की तरह दोस्तों से नहीं मिलतीं।
आम्रपाली ने बताया कि वह इंडस्ट्री के कुछ दोस्तों से दोबारा जुड़ना नहीं चाहतीं और इसी वजह से उनसे दूरी बना ली है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार उनका सिर्फ घर पर काउच पर रहने का मन करता है।
बातचीत के दौरान उनकी मां ने आम्रपाली के वजन को लेकर भी चिंता जताई और बच्चे को गोद लेने के विचार का जिक्र किया। इस पर आम्रपाली नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें पहले से ही वजन को लेकर ट्रोल किया जाता है और वह घर पर भी इस तरह की बातें नहीं सुनना चाहतीं।
आम्रपाली ने कहा कि वह अपनी बॉडी के साथ फिट महसूस करती हैं। इसके बाद उन्होंने गुस्से में सैंडविच उठाकर खा लिया।
अगले एपिसोड में पवन सिंह का इमोशनल खुलासा
शो के अगले एपिसोड की झलक में पवन सिंह को अपने प्यार के बारे में बात करते हुए देखा गया। उन्होंने कहा, “मैंने जिसे प्यार किया, वो मुझे मिला नहीं।”
वहीं, आम्रपाली दुबे भी अपने वजन को कम करने पर फोकस करने के बारे में सोचती नजर आएंगी। ऐसे में आने वाला एपिसोड भी दर्शकों के लिए इमोशनल और दिलचस्प होने वाला है।
