नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। पार्टी ने वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
बीजेपी ने तरुण चुग को गुजरात और सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी बनाया है। इससे पहले सोमवार को पार्टी ने विनोद तावड़े और सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया था। वहीं राज्यसभा सांसद तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2027 विधानसभा चुनावों पर बीजेपी का फोकस
बीजेपी की लगातार दो संगठनात्मक सूचियों से संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। टीम नितिन नवीन में शामिल 65 नेताओं की सूची में उत्तर प्रदेश से भी 8 नेताओं को जगह मिली थी।
विनोद तावड़े पिछले कुछ महीनों से उत्तर प्रदेश में लगातार सक्रिय रहे हैं। योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार के दौरान नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय नेतृत्व को सौंपने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई थी। इसके बाद संगठन विस्तार से जुड़े कामों में भी तावड़े सक्रिय नजर आए।
बीजेपी संगठन की लगभग हर महत्वपूर्ण बैठक में उनकी मौजूदगी देखी गई। इसी के बाद से उनके यूपी प्रभारी बनाए जाने की अटकलें तेज हो गई थीं।
यूपी बीजेपी में जातीय समीकरण पर भी नजर
उत्तर प्रदेश में बीजेपी संगठन और सरकार के स्तर पर जातीय समीकरण को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक सामान्य वर्ग से आते हैं। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और संगठन महामंत्री धर्मपाल सैनी ओबीसी समाज से हैं।
यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी भी ओबीसी समाज की कुर्मी जाति से आते हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के संगठनात्मक फैसलों को चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
