सिद्धार्थनगर में खेल मैदान की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

सिद्धार्थनगर में खेल मैदान की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

Spread the love

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपरा रामलाल में मंगलवार को खेल मैदान की जमीन पर किए गए कथित अवैध कब्जे को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। इस दौरान मैदान की जमीन पर बने मकतब, मदरसे और मस्जिद के कुछ हिस्सों को भी ध्वस्त किया गया।

छह जेसीबी के साथ पहुंची प्रशासन की टीम

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 6 बजे प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए मौके पर छह जेसीबी मशीनें लगाई गईं।

प्रशासन के मुताबिक, राजस्व अभिलेखों में संबंधित जमीन खेल मैदान और ग्राम समाज की जमीन के रूप में दर्ज है। इसी जमीन पर कथित तौर पर अवैध तरीके से निर्माण किया गया था।

पुलिस की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर खेल मैदान की जमीन को कब्जामुक्त कराया।

वहीं, कार्रवाई को लेकर स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली। बताया गया कि कुछ सपा कार्यकर्ता रातभर मदरसे की निगरानी करते रहे।

2022 से चल रहा था मामला

बताया जा रहा है कि पिपरा रामलाल गांव में खेल मैदान की जमीन पर कथित तौर पर अतिक्रमण कर मकतब और मदरसे का निर्माण किया गया था। इस मामले में सरकार बनाम अब्दुल सलाम के नाम से तहसीलदार न्यायिक, डुमरियागंज की अदालत में वर्ष 2022 से मुकदमा चल रहा था।

राजस्व रिकॉर्ड के मुताबिक, ग्राम पिपरा रामलाल स्थित गाटा संख्या 1028, रकबा 0.063 भूमि खेल मैदान के रूप में दर्ज है। आरोप है कि इसी जमीन पर अब्दुल सलाम पुत्र मोहम्मद इद्रीश द्वारा मदरसा और मस्जिद का निर्माण किया गया था।

12 जून को बेदखली का आदेश

मामले में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई। प्रशासन ने 12 जून 2026 को बेदखली की कार्रवाई करते हुए 24,742 रुपये की क्षतिपूर्ति वसूलने का आदेश पारित किया था।

इसी आदेश के बाद मंगलवार को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कथित अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई राजस्व रिकॉर्ड और पारित आदेश के आधार पर की गई।

संबंधित पोस्ट