नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वंदे मातरम को लेकर विवादों में रही कांग्रेस एक बार फिर राष्ट्रगीत को लेकर चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि गोवा में कांग्रेस की बैठक के दौरान वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद ही गाए गए। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगेसमेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
गोवा में हुई बैठक का एक वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। हालांकि, अधूरे वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गोवा में शुरुआती दो छंद ही गाए जाने का दावा
दावा है कि कांग्रेस की गोवा बैठक में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के केवल शुरुआती दो छंद गाए गए। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद थे।
गोवा कांग्रेस के विधायक एल्टन डी’कोस्टा ने इस मामले पर कहा कि वह इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते। उन्होंने कहा, “हमारे अध्यक्ष पहले ही जवाब दे चुके हैं। हमें किसी के सामने अपनी देशभक्ति साबित करने की जरूरत नहीं है। हमें यह बताने की जरूरत नहीं है कि हमारी पार्टी के नेता इस देश से कितना प्यार करते हैं।”
बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
बीजेपी ने मंगलवार (18 अगस्त) को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी ने इसे कांग्रेस की “सोच” बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का राष्ट्रगीत के प्रति रवैया शर्मनाक है।
बीजेपी ने अपने पोस्ट में कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि देश राष्ट्रगीत के कथित अपमान को माफ नहीं करेगा। बीजेपी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।
स्वतंत्रता दिवस पर भी हुआ था विवाद
वंदे मातरम को लेकर यह विवाद स्वतंत्रता दिवस के दौरान शुरू हुए राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बाद सामने आया है। 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद वंदे मातरम गाया गया था। इसी दौरान सोनिया गांधी के खरगे की ओर इशारा करने और नाराज नजर आने को लेकर सोशल मीडिया पर कई दावे किए गए थे।
दावा किया गया था कि सोनिया गांधी ने पूरा वंदे मातरम गाए जाने पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, कांग्रेस ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि पार्टी मुख्यालय में पूरा राष्ट्रगीत गाया गया था।
अमित शाह भी कर चुके हैं कांग्रेस पर हमला
वंदे मातरम विवाद को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कांग्रेस पर निशाना साध चुके हैं। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में अमित शाह ने कांग्रेस पर वंदे मातरम का अपमान करने का आरोप लगाया था।
अमित शाह ने कहा था कि कांग्रेस को इसके लिए बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के चलते वंदे मातरम को भुला दिया।
फिलहाल गोवा बैठक में वंदे मातरम के शुरुआती दो छंद गाए जाने के दावे को लेकर कांग्रेस की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण का इंतजार है।
