हरियाणा महिला कांग्रेस में विवाद बढ़ा, दीपिका राव पद और दायित्व से मुक्त

हरियाणा महिला कांग्रेस में विवाद बढ़ा, दीपिका राव पद और दायित्व से मुक्त

Spread the love

नई दिल्ली: हरियाणा कांग्रेस में चल रहा विवाद अब संगठनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गया है। दिल्ली के इंदिरा भवन में आयोजित महिला कांग्रेस की पतंग प्रतियोगिता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब हरियाणा महिला कांग्रेस की कॉर्डिनेटर दीपिका राव को पद एवं दायित्व से मुक्त किए जाने तक पहुंच गया है।

दीपिका राव ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और उनकी टीम पर पतंग प्रतियोगिता के विजेताओं के चयन में कथित पक्षपात और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया था।

प्रतियोगिता में पक्षपात का लगाया आरोप

दीपिका राव ने वीडियो में आरोप लगाया कि महिला कांग्रेस ने बेटियों को दूर-दराज से बुलाकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के बाद उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को घंटों गर्मी में खड़ा रहना पड़ा और कई बेटियां बिना इनाम के वापस चली गईं।

उन्होंने कहा, “महिला कांग्रेस ने मेरी पतंग मेरी पहचान को मजाक बना कर रख दिया। बेटियों को इतनी दूर से बुलाकर इनाम के नाम पर सिर्फ जलील किया गया।”

दीपिका ने दावा किया कि हरियाणा से प्रतियोगिता में उनके करीब 30 बच्चों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से तीन का चयन हुआ।

अलका लांबा पर लगाए गंभीर आरोप

दीपिका राव ने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि प्रतिभागियों को इंदिरा भवन में कई घंटे तक गर्मी में खड़ा रखा गया और पर्याप्त सुविधाएं नहीं दी गईं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम में कुछ लड़कियों को आगे किया गया, जिन्हें उन्होंने कथित तौर पर आयोजकों से जुड़ा बताया। हालांकि, इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दीपिका ने कहा कि वह पद के लिए नहीं, बल्कि उन बेटियों के समर्थन में आवाज उठा रही हैं, जिनके साथ कथित तौर पर नाइंसाफी हुई।

काजल के मामले को लेकर भी उठाए सवाल

दीपिका राव ने एक प्रतिभागी काजल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा से चयनित काजल 15 अगस्त को अपने परिवार के साथ दिल्ली के इंदिरा भवन सम्मान लेने पहुंची थी।

दीपिका ने आरोप लगाया कि वहां काजल की पेंटिंग और उसकी कला का मजाक बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रतिभागियों को सम्मान देने के बजाय उनकी बेइज्जती करनी थी तो उन्हें बुलाया ही क्यों गया।

महिला कांग्रेस ने पद से किया मुक्त

विवाद के बीच ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने दीपिका राव को उनके पद एवं दायित्व से मुक्त कर दिया है। दीपिका ने इससे पहले सोशल मीडिया वीडियो के जरिए राष्ट्रीय कॉर्डिनेटर पद से इस्तीफा देने की बात कही थी।

उन्होंने अपने वीडियो में कहा था कि वह “गुलामी की जिंदगी” न पहले जी हैं और न आगे जी सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि उनका इस्तीफा उन बेटियों के लिए है, जिनके साथ कथित तौर पर अन्याय हुआ।

अब विश्व यादव परिषद में मिली जिम्मेदारी

महिला कांग्रेस से अलग होने के बाद दीपिका राव ने विश्व यादव परिषद का दामन थाम लिया है। उन्हें संगठन में राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।

फिलहाल पतंग प्रतियोगिता को लेकर लगाए गए आरोपों और दीपिका राव पर हुई संगठनात्मक कार्रवाई को लेकर कांग्रेस की ओर से विस्तृत स्पष्टीकरण का इंतजार है।

संबंधित पोस्ट