पूर्व BJP विधायक राघवेंद्र सिंह का विवादित बयान- ‘मुसलमानों की आदत है कब्जा करना’

पूर्व BJP विधायक राघवेंद्र सिंह का विवादित बयान- ‘मुसलमानों की आदत है कब्जा करना’

Spread the love

सिद्धार्थनगर: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व विधायक और हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश संयोजक राघवेंद्र सिंह का मुसलमानों को लेकर दिया गया बयान विवादों में आ गया है। एक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने जमीन पर कथित कब्जे को लेकर मुस्लिम समुदाय पर टिप्पणी की और कहा कि अगर कब्जा किया गया तो उसे ध्वस्त कर दिया जाएगा।

राघवेंद्र सिंह का यह बयान डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने एक मदरसे को प्रशासन द्वारा बुलडोजर से ध्वस्त किए जाने के बाद सामने आया है।

‘कब्जा करना मुसलमानों की आदत, अब हमारी भी आदत हो रही’

मदरसे पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए राघवेंद्र सिंह ने कहा, “हमला करना, अतिक्रमण करना, कब्जा करना, ये तो मुसलमानों की आदत है। लेकिन हम लोगों की भी आदत हो रही है कि अगर ये कब्जा किए हैं तो उसको ध्वस्त करने की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन और खेल मैदान की जमीन पर किए गए कथित अतिक्रमण को पूरी तरह हटाया जाना चाहिए।

चुनाव को लेकर भी लोगों को किया आगाह

राघवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कई लोग भ्रमित करने और पैसे का प्रभाव दिखाने की कोशिश करेंगे, लेकिन लोगों को यह देखना चाहिए कि मुश्किल समय में उनके साथ कौन खड़ा होता है।

उन्होंने हिंदू-मुस्लिम विवाद का जिक्र करते हुए दावा किया कि ऐसे मामलों में वह हिंदुओं के साथ खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि दूसरे नेता मुस्लिम समुदाय को खुश करने के लिए उनके साथ खड़े हो सकते हैं, लेकिन वह इस तरह की राजनीति नहीं करते।

350 बच्चों की पढ़ाई से जुड़ा था मदरसा

मंगलवार को डुमरियागंज के पिपरा रामलाल गांव स्थित अरबिया जियाउल उलूम मदरसे को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। बताया गया कि यहां करीब 350 बच्चे पढ़ाई करते थे।

दावा किया जा रहा है कि मदरसे का निर्माण वर्ष 1968 में हुआ था। प्रशासन की ओर से इसे सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण बताया गया, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के विरोध में मौके पर पहुंचे सपा नेता

मदरसे को ध्वस्त किए जाने की जानकारी मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के कई नेता मौके पर पहुंचे। इस दौरान उनकी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बहस भी हुई।

सपा ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे असंवैधानिक बताया है।

माता प्रसाद पांडे ने सरकार पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने मदरसे पर बुलडोजर कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि डुमरियागंज में बीजेपी सरकार और प्रशासन की ओर से किया गया कथित असंवैधानिक कृत्य अत्यंत निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राघवेंद्र सिंह के बयान और मदरसे पर हुई कार्रवाई को लेकर अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

संबंधित पोस्ट