मुंबई: ग्लैमर इंडस्ट्री में कलाकारों को कई बार निजी जिंदगी और करियर के बीच मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। मशहूर टीवी होस्ट मिनी माथुर ने हाल ही में अपने करियर से जुड़ा ऐसा ही अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि प्रेग्नेंसी की वजह से उन्हें दो बार अपने काम से हाथ धोना पड़ा था।
मिनी माथुर ने हाल ही में हॉटरफ्लाई को दिए इंटरव्यू में खुलासा किया कि पहले MTV के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट प्रेग्नेंसी के दौरान रिन्यू नहीं किया गया। इसके बाद ‘इंडियन आइडल’ होस्ट करते समय भी उन्हें अगले सीजन से बाहर कर दिया गया था।
5 साल तक MTV के साथ किया काम
मिनी माथुर ने बतौर होस्ट अपनी अलग पहचान बनाई है। वह करीब पांच साल तक MTV के साथ VJ के तौर पर काम कर चुकी हैं। इसी दौरान वह अपने पहले बच्चे विवान के जन्म को लेकर प्रेग्नेंट हुई थीं।
मिनी ने बताया कि प्रेग्नेंसी की खबर सामने आने के बाद उनके लिए हालात बदल गए। उन्होंने कहा, “जब मैं विवान के साथ प्रेग्नेंट थी तब मैं एमटीवी में पांच साल गुजार चुकी थी। मेरा कॉन्ट्रैक्ट इसलिए रिन्यू नहीं हुआ था कि VJs तो प्रेग्नेंट कभी नहीं होते हैं। मुझे कहा गया था कि आप प्रेग्नेंट हैं, मजे कीजिए, गुड लक।”
मिनी के मुताबिक, इस फैसले के बाद उनका MTV के साथ काम आगे नहीं बढ़ पाया।
‘इंडियन आइडल’ से भी प्रेग्नेंसी के कारण हुईं बाहर
MTV के बाद मिनी माथुर ने ‘इंडियन आइडल’ के होस्ट के तौर पर भी खूब लोकप्रियता हासिल की। हालांकि, इस शो में भी उन्हें प्रेग्नेंसी की वजह से मुश्किल का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि ‘इंडियन आइडल’ के चौथे सीजन के बाद वह प्रेग्नेंट थीं। इसी वजह से उन्हें अगले सीजन को होस्ट नहीं करने के लिए कहा गया था।
मिनी ने कहा, “मुझसे कहा गया कि प्रेग्नेंट महिला को इंडियन ऑडियंस स्वीकार नहीं कर पाएगी। मुझे इसने ज्यादा निराश किया।”
छठे सीजन में हुई थी वापसी की पेशकश
मिनी माथुर ने बताया कि उन्हें ‘इंडियन आइडल’ के छठे सीजन में दोबारा बुलाया गया था, लेकिन तब तक उनका मन इस शो से हट चुका था।
उन्होंने कहा कि जिस अनुभव से वह गुजरी थीं, उसके बाद वापस लौटने को लेकर उनकी रुचि नहीं रही।
कबीर खान से की है शादी
50 वर्षीय मिनी माथुर ने मशहूर फिल्म डायरेक्टर कबीर खान से शादी की है। दोनों के दो बच्चे हैं। कपल ने पहले बेटे विवान और फिर बेटी सायरा का स्वागत किया।
मिनी माथुर के इस खुलासे ने मनोरंजन इंडस्ट्री में महिलाओं के करियर और प्रेग्नेंसी को लेकर कामकाजी माहौल से जुड़े सवालों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
