नई दिल्ली: फेशियल त्वचा की गहराई से सफाई करने के साथ चेहरे पर निखार और ताजगी लाने में मदद करता है। इससे रोमछिद्रों में जमा गंदगी और अतिरिक्त तेल साफ होते हैं, डेड स्किन हटती है और ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होने से त्वचा अधिक ग्लोइंग नजर आ सकती है। फेशियल के दौरान की गई हल्की मसाज तनाव कम करने और चेहरे की मांसपेशियों को रिलैक्स करने में भी मदद करती है। इसके अलावा, नियमित स्किनकेयर से त्वचा में कसावट और झुर्रियों की उपस्थिति कम दिखने में मदद मिल सकती है।
आजकल ग्लोइंग, क्लीन और क्लियर स्किन के लिए कोरियन फेशियल और हाइड्रा फेशियल काफी लोकप्रिय हैं। लेकिन दोनों फेशियल का तरीका और फोकस अलग है। आइए जानते हैं आपकी स्किन के लिए कौन-सा फेशियल बेहतर हो सकता है।
रूखी, तैलीय या बेजान त्वचा के लिए कोरियन फेशियल
अगर आपकी त्वचा रूखी, तैलीय, सेंसेटिव या बेजान है और आप चेहरे पर नमी के साथ ग्लो चाहती हैं, तो कोरियन फेशियल एक विकल्प हो सकता है। यह त्वचा को साफ करने और हाइड्रेशन बनाए रखने पर खास ध्यान देता है।
कोरियन फेशियल में सबसे पहले चेहरे की डबल क्लींजिंग की जाती है। इसके बाद हल्की एक्सफोलिएशन के साथ टोनर, एसेंस और सीरम लगाया जाता है। फिर शीट मास्क, मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन के जरिए प्रक्रिया पूरी की जाती है।
इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले सीरम और मास्क त्वचा को हाइड्रेट करने में मदद करते हैं। वहीं, हल्की मसाज चेहरे की मांसपेशियों को रिलैक्स करती है। इसके बाद त्वचा मुलायम, फ्रेश और ग्लोइंग नजर आ सकती है।
हालांकि, अगर चेहरे पर ज्यादा मुंहासे, घाव या किसी तरह का संक्रमण है, तो फेशियल करवाने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है।
ब्लैकहेड्स और ओपन पोर्स के लिए हाइड्रा फेशियल
हाइड्रा फेशियल रूखी, तैलीय, कॉम्बिनेशन और सेंसेटिव स्किन वाले लोग करवा सकते हैं। यह खासतौर पर ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स, खुले पोर्स, अतिरिक्त ऑयल और हल्के दाग-धब्बों जैसी समस्याओं में मददगार हो सकता है।
इस प्रक्रिया में मशीन की मदद से चेहरे की सफाई और डेड स्किन को हटाया जाता है। इसके बाद पील के जरिए पोर्स की गंदगी साफ की जाती है। वैक्यूम तकनीक से ब्लैकहेड्स और जमा गंदगी निकालने के बाद हाइलूरोनिक एसिड और अन्य पोषक तत्वों वाले सीरम से त्वचा को हाइड्रेट किया जाता है।
हाइड्रा फेशियल के बाद त्वचा साफ, मुलायम और हाइड्रेटेड नजर आ सकती है। डेड स्किन और गंदगी हटने से चेहरा अधिक फ्रेश और चमकदार दिखाई देता है, जबकि पोर्स की सफाई से स्किन टेक्सचर बेहतर महसूस हो सकता है।
कौन-सा फेशियल चुनें?
अगर आपका मुख्य फोकस हाइड्रेशन, नमी और ग्लो पर है, तो कोरियन फेशियल बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं, अगर आपको ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स, ज्यादा ऑयली स्किन या ओपन पोर्स की समस्या है, तो हाइड्रा फेशियल पर विचार किया जा सकता है।
फेशियल का चुनाव हमेशा अपनी त्वचा की जरूरत और उसकी स्थिति के अनुसार करना चाहिए। सेंसेटिव स्किन या किसी सक्रिय त्वचा समस्या की स्थिति में एक्सपर्ट की सलाह लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
