मुंबई: एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत और एक्ट्रेस तापसी पन्नू एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। तापसी पन्नू के हालिया बयान के बाद कंगना ने उन पर निशाना साधा और एक बार फिर उन्हें ‘सस्ती कॉपी’ कह दिया। यह वही टैग है, जिसका इस्तेमाल कंगना की बहन रंगोली चंदेल पहले भी तापसी के लिए कर चुकी हैं।
कंगना ने बिना नाम लिए तापसी पर साधा निशाना
शनिवार शाम कंगना रनौत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बिना तापसी पन्नू का नाम लिए दो इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कीं। पहली स्टोरी में उन्होंने एक ‘सस्ती कॉपी’ का जिक्र करते हुए कहा कि वह अपनी आने वाली बी-ग्रेड फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त है, लेकिन मीडिया में फिर भी उनके नाम को लेकर सुर्खियां बन रही हैं।
कंगना ने तापसी पर उनकी परवरिश और माता-पिता का मजाक उड़ाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि तापसी के माता-पिता से पूछा जाना चाहिए कि वे उनके माता-पिता की तरह ‘ओरिजिनल’ बेटी क्यों नहीं दे पाए।
‘मैं राजपूत जमींदार परिवार से आती हूं’
इसके बाद कंगना ने तापसी के कथित कमेंट वाली एक न्यूज रिपोर्ट अपनी दूसरी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की। उन्होंने लिखा कि शहरों के बाहरी इलाकों में छोटे किराए के घरों में पले-बढ़े कुछ लोग अक्सर उनकी परवरिश और माता-पिता पर सवाल उठाते हैं।
कंगना ने खुद को राजपूत जमींदार परिवार से आने वाली बताते हुए कहा कि उनके माता-पिता पढ़े-लिखे और सम्मानित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी की शुरुआत खुद से करने का फैसला लिया था, लेकिन इसके लिए उनके माता-पिता पर हमला क्यों किया जाए।
हालांकि, कंगना की ये दोनों इंस्टाग्राम स्टोरी रविवार सुबह तक उनके अकाउंट से डिलीट हो गईं।
तापसी बोलीं- कंगना से कभी मुलाकात ही नहीं हुई
वहीं तापसी पन्नू इन दिनों अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स फिल्म ‘गांधारी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने कंगना रनौत के साथ अपने पुराने विवाद पर बात की।
इंडिया टुडे से बातचीत में तापसी ने कहा कि विवाद शुरू होने के समय भी उनकी कंगना से मुलाकात नहीं हुई थी और अब तक भी दोनों की मुलाकात नहीं हुई है।
तापसी ने कहा कि दोनों की सोच और चीजों को देखने का तरीका उनकी-अपनी परवरिश को दर्शाता है। उनके मुताबिक, लोगों के लिए इतना ही काफी है कि वे खुद तय कर सकें कि कौन किस तरह की सोच और परवरिश से आता है।
2019 से चला आ रहा है कंगना-तापसी विवाद
कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच विवाद की शुरुआत 2019 में हुई थी। मामला उस वक्त ज्यादा चर्चा में आया, जब कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पर तापसी को कंगना की ‘सस्ती कॉपी’ कहा था।
इसके बाद 2020 में बॉलीवुड में नेपोटिज्म और आउटसाइडर्स को लेकर चल रही बहस के बीच कंगना ने तापसी और कुछ अन्य अभिनेत्रियों को ‘बी-ग्रेड एक्ट्रेस’ और ‘नीडी आउटसाइडर्स’ कहा था।
अब तापसी के हालिया बयान के बाद कंगना की प्रतिक्रिया ने पुराने विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
