नई दिल्ली: दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक सफाईकर्मी की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान खोड़ा कॉलोनी निवासी अनिल के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल शव को मोर्चरी में रखा गया है। अस्पताल में सफाईकर्मी की मौत की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
सफाईकर्मी की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
बीजेपी विधायक ने जताया दुख
सफाईकर्मी की हत्या पर त्रिलोकपुरी से बीजेपी विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ने मामले को तुरंत अपने हाथ में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विधायक ने कहा कि मृतक सफाई का काम कर रहा था और उसका घटना से कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने कहा कि पीछे से आकर चाकू से हमला करने वाले आरोपी की इस बर्बरता की निंदा की जानी चाहिए और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
रविकांत उज्जैनवाल ने कहा कि सफाईकर्मी उस समय काम करते हैं जब अधिकांश लोग सो रहे होते हैं और दिल्ली को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बर्बरता करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
‘दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं’
बीजेपी विधायक ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वह और प्रशासन परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपना बेटा, पिता और भाई खोया है, उसके लिए यह बेहद दुखद समय है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य सुरागों की मदद ली जा रही है।
