विलेन के रोल में टाइपकास्ट होने से परेशान बॉबी देओल, बोले- ‘इस इमेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा हूं’

विलेन के रोल में टाइपकास्ट होने से परेशान बॉबी देओल, बोले- ‘इस इमेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा हूं’

नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्टर बॉबी देओल ने 90 और 2000 के दशक में लीड और रोमांटिक हीरो के तौर पर खूब लोकप्रियता हासिल की। हालांकि, कमबैक के बाद उनकी पहचान दमदार विलेन के किरदारों से ज्यादा होने लगी है। अब एक्टर ने माना है कि इंडस्ट्री में उन्हें लगातार विलेन के रोल ऑफर हो रहे हैं और वह इस इमेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं।

‘एक तरह के रोल में सफल होने पर टाइपकास्ट हो जाते हैं एक्टर्स’

शनिवार को दिल्ली में आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल में बॉबी देओल ने अपने करियर और मौजूदा दौर में मिल रहे किरदारों को लेकर बात की।

उन्होंने कहा कि जब कोई एक्टर किसी खास तरह के किरदार में सफल हो जाता है तो इंडस्ट्री में उसे उसी तरह के रोल लगातार ऑफर होने लगते हैं। बॉबी के मुताबिक, “अगर कोई एक्टर किसी खास तरह के रोल में सफल हो जाता है, तो उसे उसी तरह के किरदार मिलते रहते हैं। इंडस्ट्री में ऐसा ही होता है।”

बॉबी बोले- अलग तरह के प्रोजेक्ट्स चुन रहा हूं

बॉबी देओल ने कहा कि वह अपनी विलेन वाली इमेज से बाहर निकलने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने PTI से बातचीत में बताया कि वह अलग-अलग तरह के किरदार और प्रोजेक्ट्स चुनना चाहते हैं।

एक्टर ने कहा, “मैं इस इमेज से बाहर निकलने की बहुत कोशिश करता हूं। मैंने हाल ही में ‘बंदर’ नाम की फिल्म की है, जो काफी अलग थी।”

उन्होंने यह भी कहा कि विलेन के किरदारों में भी अलग-अलग शेड्स होते हैं और उन्हें ऐसे किरदार निभाना पसंद है। इसके अलावा वह कुछ ऐसी वेब सीरीज भी करने वाले हैं, जिनमें उनके किरदार अब तक निभाए गए रोल्स से अलग होंगे।

‘आश्रम’ से हुआ था शानदार कमबैक

बॉबी देओल ने प्रकाश झा की वेब सीरीज ‘आश्रम’ से शानदार वापसी की थी। इसमें उन्होंने खुद को भगवान बताने वाले एक अपराधी का किरदार निभाया था। उनके इस किरदार को दर्शकों के बीच काफी पसंद किया गया।

इसके बाद साल 2023 में रिलीज हुई रणबीर कपूर स्टारर ‘एनिमल’ में बॉबी के विलेन वाले किरदार ने खूब सुर्खियां बटोरीं। फिल्म की सफलता के साथ बॉबी देओल की लोकप्रियता एक बार फिर तेजी से बढ़ी।

इन फिल्मों में भी दिखे विलेन के अंदाज में

‘एनिमल’ के बाद बॉबी देओल ‘हरि हर वीरा मल्लू’, ‘कंगुवा’, ‘डाकू महाराज’, ‘अल्फा’ और ‘जन नायकन’ जैसी फिल्मों में भी विलेन या नेगेटिव शेड वाले किरदारों में नजर आए।

अब एक्टर लगातार ऐसे प्रोजेक्ट्स की तलाश में हैं, जिनसे उनकी एक ही तरह के किरदारों वाली छवि को बदला जा सके।

‘तीन कौवे’ में नजर आएंगे बॉबी देओल

वर्क फ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल जल्द ही प्राइम वीडियो की अपकमिंग सीरीज ‘तीन कौवे’ में नजर आएंगे। यह एक स्पाई ड्रामा सीरीज है, जिसकी शूटिंग फिलहाल जारी है।

सीरीज में बॉबी देओल के साथ सिद्धांत गुप्ता, फातिमा सना शेख और पावेल गुलाटी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

संबंधित पोस्ट