मुंबई: पॉपुलर कॉमेडियन और एक्टर राजीव ठाकुर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राजीव ठाकुर के पिता का निधन हो गया है। पिता के निधन से कॉमेडियन और उनका पूरा परिवार सदमे में है। इस मुश्किल घड़ी में परिवार और करीबी लोग उनके साथ हैं।
राजीव ठाकुर के पिता के निधन की जानकारी उनके दोस्त और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने दी। कृष्णा अभिषेक को 23 अगस्त को राजीव के साथ इंदौर में एक कॉमेडी शो में परफॉर्म करना था। पिता के निधन की खबर मिलने के बाद कार्यक्रम को तत्काल स्थगित कर दिया गया।
कृष्णा अभिषेक ने दी पिता के निधन की जानकारी
कृष्णा अभिषेक इंदौर कार्यक्रम के लिए पहुंच चुके थे। इसी दौरान उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के एक वीडियो के जरिए राजीव ठाकुर के पिता के निधन की जानकारी दर्शकों के साथ शेयर की।
कृष्णा ने कहा, “मैं अभी-अभी इंदौर पहुंचा हूं और एक दुखद खबर है जो मैं आप सभी के साथ शेयर करना चाहता हूं। जब हम इंदौर के लिए निकल रहे थे, तब पता चला कि राजीव ठाकुर, जो कल मेरे साथ इंदौर में परफॉर्म करने वाले थे, उनके पिता का निधन हो गया है। इसलिए ये पूरी इंडस्ट्री के लिए बहुत दुखद खबर है।”
इंदौर का शो हुआ पोस्टपोन
कृष्णा अभिषेक ने शो के टिकट खरीद चुके दर्शकों से माफी मांगते हुए बताया कि कार्यक्रम को किसी दूसरी तारीख के लिए रीशेड्यूल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने शो के टिकट खरीदे हैं, उन्हें टिकट की पूरी रकम वापस की जाएगी। नई तारीख के साथ कार्यक्रम को दोबारा आयोजित करने की जानकारी बाद में दी जाएगी।
इवेंट की ओर से सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा गया, “दिल से माफी। भारी मन से, हम उन सभी लोगों से हुई असुविधा के लिए माफी मांगते हैं जिन्होंने इवेंट के लिए टिकट बुक किए थे। कुछ वजहों से हमने इवेंट को टालने का फैसला किया है। हम उन सभी लोगों को टिकट का पूरा पैसा वापस कर देंगे।”
पिता के बेहद करीब थे राजीव ठाकुर
राजीव ठाकुर अक्सर सोशल मीडिया पर अपने माता-पिता के साथ तस्वीरें शेयर करते रहे हैं। वह अपने पिता के काफी करीब थे। पिछले साल पिता के जन्मदिन पर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया था।
दिसंबर 2025 में राजीव ठाकुर ने अपने माता-पिता की शादी की 70वीं सालगिरह भी खास अंदाज में मनाई थी। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ कई खूबसूरत पल साझा किए थे।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का हिस्सा हैं राजीव ठाकुर
राजीव ठाकुर लंबे समय से कॉमेडी की दुनिया में सक्रिय हैं। वह नेटफ्लिक्स के पॉपुलर शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में ‘राजू’ के किरदार के लिए भी जाने जाते हैं।
पिता के निधन की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग सोशल मीडिया के जरिए उन्हें और उनके परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
