नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों अपनी अपकमिंग क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में मुंबई में फिल्म का ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च इवेंट आयोजित किया गया, जहां करीना अपने स्टाइलिश लुक में नजर आईं। हालांकि, इसी इवेंट का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीना पैपराजी पर नाराज होती दिखाई दे रही हैं।
पैपराजी पर क्यों नाराज हुईं करीना कपूर?
वायरल वीडियो में करीना कपूर फिल्म की टीम के साथ पैपराजी को पोज देती नजर आ रही हैं। इस दौरान फोटोग्राफर्स उन्हें अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लेने के लिए बार-बार इधर-उधर जाने के लिए कह रहे थे।
लगातार पोजिशन बदलने को लेकर करीना थोड़ी नाराज नजर आईं। वीडियो में उन्हें पैपराजी से कहते हुए सुना जा सकता है, ‘कभी इधर, कभी उधर… हील्स पहनी हैं मैंने।’
करीना का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
18 सितंबर को रिलीज होगी ‘दायरा’
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर ‘दायरा’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है।
फिल्म में विश्वपति सरकार, जितेंद्र जोशी, कंवलजीत सिंह और प्रगति मिश्रा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को विनीत जैन और धवल गाडा ने प्रोड्यूस किया है।
कहानी मेघना गुलजार ने सीमा अग्रवाल और यश केसवानी के साथ मिलकर लिखी है।
फिल्म में IPS अधिकारी का किरदार निभाएंगी करीना
‘दायरा’ में करीना कपूर डीसीपी अजूनी कोहली (IPS) के किरदार में नजर आएंगी। वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में डीसीपी रमन कुमार (IPS) की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म की कहानी एक क्राइम इन्वेस्टिगेशन के इर्द-गिर्द घूमती नजर आती है और ट्रेलर रिलीज के बाद दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
क्या 2019 हैदराबाद केस से प्रेरित है फिल्म?
‘दायरा’ की कहानी को पहले 2019 के चर्चित हैदराबाद केस से प्रेरित बताया गया था। हालांकि, निर्देशक मेघना गुलजार ने स्पष्ट किया है कि फिल्म की कहानी किसी एक घटना पर आधारित नहीं है।
निर्देशक के मुताबिक, कहानी तैयार करते समय टीम ने कई अलग-अलग मामलों और घटनाओं को ध्यान में रखा है। ऐसे में फिल्म को एक व्यापक क्राइम थ्रिलर के तौर पर पेश किया जा रहा है।
