नई दिल्ली: महाराष्ट्र में SIR प्रक्रिया के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में SIR के बाद 2 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहरहो गए हैं। उन्होंने इसे ‘वोट चोरी’ बताते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर सवाल उठाए।
राहुल गांधी बोले- मकसद किसी भी कीमत पर BJP की जीत
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि बीजेपी और ‘वोट चोरी आयोग’ के तरीके बदलते रहते हैं, लेकिन उनका मकसद एक ही है- किसी भी कीमत पर बीजेपी की जीत और भारत के लोकतंत्र का अंत।
उन्होंने महाराष्ट्र के 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनावों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों चुनावों के बीच अचानक 39 लाख नए वोटर जुड़ गए थे। राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने उस समय भी इसे ‘वोट चोरी’ बताया था और आज भी अपने आरोप पर कायम हैं।
बंगाल SIR का भी किया जिक्र
कांग्रेस नेता ने पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि 2026 में SIR के दौरान जिन नामों को मतदाता सूची से हटाया गया था, उनमें से 91 फीसदी नाम अपील के बाद वापस जोड़ने पड़े।
राहुल गांधी ने कहा कि इसका मतलब है कि हर 10 में से करीब 9 नाम गलत तरीके से हटाए गए थे और चुनाव के बाद ही उन्हें दोबारा जोड़ा गया।
महाराष्ट्र में 2.06 करोड़ नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से 31 अगस्त को जारी जानकारी के मुताबिक, SIR प्रक्रिया के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची में 2,06,88,487 मतदाताओं के नाम शामिल नहीं किए गए हैं।
इनमें ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके गणना प्रपत्र जमा नहीं हो पाए, जिनसे संपर्क नहीं हो सका, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी या जिन्होंने अपना आवास बदल लिया था।
SIR प्रक्रिया से पहले महाराष्ट्र में करीब 9.78 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 78.86 फीसदी मतदाताओं को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किया गया है।
राहुल गांधी ने आंकड़ों को लेकर उठाया सवाल
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में अलग-अलग चुनावों की मतदाता संख्या का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर कौन सी वोटर लिस्ट सही थी।
उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि 2024 लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में 9.29 करोड़, 2024 विधानसभा चुनाव में 9.7 करोड़ और SIR 2026 के दौरान 7.78 करोड़ मतदाताओं का आंकड़ा सामने आया।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी से बनी सरकार’ के लिए जनता जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि बीजेपी न तो जनता की सुनती है और न ही उसके आदेश को मानती है।
ड्राफ्ट लिस्ट में 7.71 करोड़ से ज्यादा मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र की मौजूदा ड्राफ्ट मतदाता सूची में 7.71 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम शामिल हैं। इनमें करीब 3.95 करोड़ पुरुष, 3.75 करोड़ महिलाएं और 3,087 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
अब ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। राहुल गांधी के आरोपों के बाद महाराष्ट्र में SIR प्रक्रिया और मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच बयानबाजी बढ़ने की संभावना है।
