हरियाणा: हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथिनीकुंड बैराज में पैरा कमांडो की ट्रेनिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में उतरने के बाद कमांडो एक नाव पर सवार हुए थे। इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और तेज बहाव के कारण नाव बहते हुए पश्चिमी यमुना नहर के गेट नंबर-8 के पास जाकर फंस गई। हादसे में नाव पर सवार कमांडो तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गए।
3 कमांडो सुरक्षित, 2 अब भी लापता
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद टीमों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीन कमांडो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दो कमांडो का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
शुरुआती जानकारी में एक कमांडो के लापता होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में दो कमांडो के लापता होने की पुष्टि हुई। बताया जा रहा है कि इनमें एक जवान जम्मू-कश्मीर और दूसरा महाराष्ट्र का रहने वाला है।
कई दिनों से चल रही थी ट्रेनिंग
जानकारी के मुताबिक पैरा कमांडो पिछले कई दिनों से हथिनीकुंड बैराज इलाके में अभ्यास कर रहे थे। इसी ट्रेनिंग के दौरान कमांडो हेलीकॉप्टर से यमुना नदी में उतरे। नदी में उतरने के बाद सभी कमांडो नाव पर सवार हुए।
इसी दौरान नाव का इंजन अचानक बंद हो गया। इंजन में खराबी आने के बाद नाव तेज बहाव के साथ बहने लगी और पश्चिमी यमुना नहर के गेट नंबर-8 के पास जाकर फंस गई।
यमुना और नहर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन
लापता कमांडो की तलाश के लिए यमुना नदी और पश्चिमी यमुना नहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सेना की टीमें पानी के अंदर लापता जवानों की तलाश में जुटी हैं। आसपास के जंगलों और अन्य संभावित इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
इलाके की हवाई निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई। वहीं, पानी के अंदर जवानों ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया। गेट नंबर-8 के पास फंसी नाव को भी बाहर निकाल लिया गया, लेकिन देर रात तक दोनों लापता कमांडो का कोई सुराग नहीं मिल सका।
NDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी
हादसे की गंभीरता को देखते हुए देर रात NDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सेना और NDRF की टीमें मिलकर लापता कमांडो की तलाश कर रही हैं।
घटनास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, ताकि सर्च ऑपरेशन में किसी तरह की बाधा न आए।
इंजन बंद होने के बाद हुआ हादसा
फिलहाल राहत और बचाव दल का पूरा ध्यान दोनों लापता कमांडो को जल्द से जल्द खोजने पर है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा ट्रेनिंग के दौरान नाव का इंजन अचानक बंद होने और तेज बहाव में नाव के बहने के बाद हुआ। दोनों जवानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
