मुंबई: हैरी पॉटर के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। जादू और रोमांच से भरी हैरी पॉटर की दुनिया एक बार फिर स्क्रीन पर लौटने वाली है। HBO ने जे.के. राउलिंग की मशहूर किताबों पर आधारित अपनी नई टीवी सीरीज ‘हैरी पॉटर’ का पहला टीजर जारी कर दिया है। टीजर सामने आते ही फैंस के बीच सीरीज को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
नई सीरीज का पहला सीजन ‘हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन’ की कहानी पर आधारित होगा। इसे कुल 8 एपिसोड में दिखाया जाएगा।
टीजर में दिखी हॉगवर्ट्स की जादुई दुनिया
टीजर की शुरुआत हॉगवर्ट्स में नए स्टूडेंट्स के पहुंचने से होती है। इसमें मशहूर सॉर्टिंग सेरेमनी की झलक भी देखने को मिलती है, जहां नए छात्रों को अलग-अलग हाउस में भेजा जाता है।
इसके बाद हैरी पॉटर की मुलाकात रॉन वीजली और हर्माइनी ग्रेंजर से होती है और तीनों की दोस्ती की शुरुआत दिखाई जाती है। टीजर में हैरी को हॉगवर्ट्स स्कूल ऑफ विचक्राफ्ट एंड विजार्ड्री से एडमिशन का लेटर मिलने का सीन भी है।
यह लेटर हैरी की जिंदगी पूरी तरह बदल देता है और वह जादू की एक नई दुनिया में कदम रखता है।
डंबलडोर और स्नेप के किरदार में नजर आए ये कलाकार
टीजर में जॉन लिथगो एल्बस डंबलडोर के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। वहीं जेनेट मैकटीर प्रोफेसर मिनर्वा मैकगोनागल का रोल निभा रही हैं।
इसके अलावा पापा एस्सीडू भी टीजर में नजर आए हैं। वह सीरीज में सेवेरस स्नेप का किरदार निभा रहे हैं। टीजर में स्नेप दूर से हैरी और अन्य छात्रों पर नजर रखते दिखाई देते हैं।
टीजर के अंत में दर्शकों को क्विडिच मैच की झलक भी मिलती है, जिसमें हैरी अपनी जादुई झाड़ू पर उड़ता नजर आता है।
नई सीरीज में कौन-कौन करेगा अभिनय?
सीरीज में अरबेला स्टैंटन, अलास्टर स्टाउट और निक फ्रॉस्ट अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अरबेला स्टैंटन हर्माइनी ग्रेंजर, अलास्टर स्टाउट रॉन वीजली और निक फ्रॉस्ट रुबस हैग्रिड का किरदार निभा रहे हैं।
इनके अलावा रॉरी विलमॉट, लॉक्स प्रैट, लियो अर्ली, एलिजाह ओशिन, ट्रिस्टन हारलैंड, गेब्रियल हारलैंड और रुआरी स्पूनर भी सीरीज का हिस्सा हैं।
वहीं एलेसिया लियोनी, सिएना मूसा, फिन स्टीफंस, विलियम नैश, वारविक डेविस और सिरीन सबा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
क्रिसमस पर रिलीज होगी ‘हैरी पॉटर’ सीरीज
HBO की यह नई ‘हैरी पॉटर’ सीरीज इसी साल क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी। यह जे.के. राउलिंग की किताबों पर आधारित दूसरी बड़ी स्क्रीन अडॉप्टेशन है।
इससे पहले डेनियल रैडक्लिफ ने हैरी पॉटर की आठ फिल्मों की सीरीज में मुख्य भूमिका निभाई थी। इन फिल्मों ने दुनियाभर में शानदार कमाई की और हैरी पॉटर फ्रेंचाइजी को ग्लोबल पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।
अब नई कास्ट और नई कहानी के साथ हैरी पॉटर की जादुई दुनिया को दोबारा स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
