भारत में 61 करोड़ कमाने के बाद अब विदेशों में रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

भारत में 61 करोड़ कमाने के बाद अब विदेशों में रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

मुंबई: नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। रिलीज के महज 27 दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 61 करोड़ रुपये की कमाई कर सबको चौंका दिया। अब मेकर्स फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।

होम्बले फिल्म्स ने ‘हनुमान अंश’ की ग्लोबल रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह भक्तिमय फिल्म अब 11 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

11 सितंबर को ग्लोबल रिलीज होगी ‘हनुमान अंश’

होम्बले फिल्म्स ने घोषणा की है कि हिंदी डिवोशनल ड्रामा ‘हनुमान अंश’ को अब इंटरनेशनल मार्केट में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म की इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी भी होम्बले फिल्म्स ही संभाल रही है।

भारत में दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अब फिल्म को विदेशों में रहने वाले दर्शकों और नीम करौली बाबा के अनुयायियों तक पहुंचाने की तैयारी है।

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है कहानी

‘हनुमान अंश’ एक आध्यात्मिक ड्रामा है, जिसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म की कहानी नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित है। नीम करौली बाबा को उनके भक्त ‘महाराज जी’ के नाम से भी जानते हैं।

फिल्म में शोभिनव सत्या ने नीम करौली बाबा की भूमिका निभाई है। वहीं, कहानी के दूसरे चरण में विहान शेडगे महाराज जी के किरदार में नजर आए हैं।

फिल्म की स्टार कास्ट में चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी शामिल हैं।

27 दिनों में 61 करोड़ की कमाई

‘हनुमान अंश’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के 27 दिनों के भीतर करीब 61 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म के प्रदर्शन को देखते हुए अब मेकर्स को इसके ग्लोबल रिलीज से भी काफी उम्मीदें हैं।

फिल्म का रन टाइम करीब 2 घंटे 30 मिनट है और इसे ‘U’ सर्टिफिकेट मिला है। यानी इसे सभी उम्र के दर्शक देख सकते हैं।

कैंची धाम से दुनिया तक पहुंचेगी महाराज जी की कहानी

‘हनुमान अंश’ के जरिए मेकर्स नीम करौली बाबा की कहानी और उनकी शिक्षाओं को भारत से बाहर भी दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कैंची धाम और महाराज जी से जुड़ी आस्था देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी उनके अनुयायियों के बीच देखने को मिलती है।

अब 11 सितंबर को ग्लोबल रिलीज के साथ फिल्म की कहानी और महाराज जी की आध्यात्मिक विरासत दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले दर्शकों तक पहुंचेगी।

संबंधित पोस्ट