ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने सड़कों की वास्तविक गुणवत्ता की जांच के लिए वैज्ञानिक तरीके से सैंपल लेने और उनकी टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए हैं।
सड़कों से लिए जा रहे हैं सैंपल
कोर्ट के आदेश के बाद वकीलों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने ग्वालियर में सड़कों के सैंपल लेना शुरू कर दिया है। सबसे पहले गुड़ी-गुड़ा नाका इलाके से सैंपल लिए गए और मौके पर ही उन्हें सील कर दिया गया।
हर चयनित सड़क से चार सैंपल लिए जाएंगे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन सैंपलों को अलग-अलग प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा जाएगा।
निर्माण की गुणवत्ता की खुलेगी पोलकुछ सैंपल लोक निर्माण विभाग की लैब और कुछ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की लैब में जांचे जाएंगे। जरूरत पड़ने पर सैंपल का एक सेट स्वतंत्र जांच के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रयोगशाला में भी भेजा जा सकता है।
इस वैज्ञानिक जांच से यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि सड़कों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ है या नहीं। साथ ही खराब सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
