मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने अपने बड़े बेटे तैमूर अली खान के भविष्य को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में पॉडकास्टर हनुमान दास के साथ बातचीत के दौरान करीना ने बताया कि तैमूर की दिलचस्पी फिल्मों और एक्टिंग में नहीं, बल्कि स्पोर्ट्स में है। तैमूर आगे चलकर इंटरनेशनल लेवल पर क्रिकेटर या फुटबॉलर बनना चाहता है।
स्पोर्ट्स में है तैमूर की खास दिलचस्पी
करीना कपूर ने बताया कि तैमूर को स्पोर्ट्स में काफी ज्यादा दिलचस्पी है। जब वह उनसे कहता है कि वह क्रिकेटर या फुटबॉलर बनना चाहता है, तो करीना उससे पूछती हैं कि क्या वह वाकई यही करना चाहता है। इस पर तैमूर का जवाब होता है कि वह ग्लोबल लेवल पर फुटबॉल या क्रिकेट खेलना चाहता है।
करीना ने कहा कि अगर तैमूर अपने इस सपने को पूरा करना चाहता है तो उसे इसके लिए मेहनत करनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता को बच्चों को उनकी पसंद के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
एक्टर नहीं बनना चाहता तैमूर
करीना ने यह भी साफ किया कि तैमूर फिलहाल एक्टिंग को अपने करियर के तौर पर नहीं देखता। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसा जरूरी नहीं है कि वह भविष्य में भी अपना फैसला न बदले।
एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें तैमूर की उम्र से ही पता था कि वह स्क्रीन पर अलग-अलग किरदार निभाना चाहती हैं। वहीं, तैमूर का झुकाव स्पोर्ट्स की तरफ है। करीना के मुताबिक, उन्हें लगता है कि तैमूर स्वभाव से काफी हद तक उनकी तरह है और जब वह किसी चीज को लेकर कहता है कि उसे वही करना है, तो वह अपने फैसले को लेकर काफी पक्का होता है।
दादा मंसूर अली खान पटौदी से जुड़ा है क्रिकेट कनेक्शन
तैमूर के स्पोर्ट्स प्रेम का एक खास कनेक्शन उनके परिवार से भी जुड़ा है। उनके दादा और सैफ अली खान के पिता मंसूर अली खान पटौदी भारत के दिग्गज क्रिकेटर रह चुके हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी भी की थी। ऐसे में अगर तैमूर भविष्य में क्रिकेट को अपना करियर चुनते हैं, तो वह अपने दादा की विरासत को आगे बढ़ाते नजर आ सकते हैं।
‘दायरा’ में नजर आएंगी करीना कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर जल्द ही साउथ एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है और यह 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
