अफगानिस्तान सीरीज से पहले बुमराह समेत 4 खिलाड़ियों का होगा सिम्यूलेशन टेस्ट, जानें किसे मिल सकता है बैकअप

अफगानिस्तान सीरीज से पहले बुमराह समेत 4 खिलाड़ियों का होगा सिम्यूलेशन टेस्ट, जानें किसे मिल सकता है बैकअप

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के सामने अब अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज की चुनौती है। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज 13 से 17 सितंबर तक खेली जाएगी। BCCI पहले ही सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर चुका है, लेकिन स्क्वाड में शामिल चार खिलाड़ियों का खेलना अभी फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है।

इन खिलाड़ियों में जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान सीरीज से पहले इन चारों खिलाड़ियों को सिम्यूलेशन टेस्ट से गुजरना होगा।

बुमराह समेत चार खिलाड़ियों की फिटनेस पर नजर

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह, हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को इस सप्ताह सिम्यूलेशन टेस्ट देना होगा। इन खिलाड़ियों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से अभी अंतिम फिटनेस क्लियरेंस नहीं मिला है।

रिपोर्ट के अनुसार, मेडिकल टीम ने पिछले सप्ताह चयनकर्ताओं के साथ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर रिपोर्ट साझा की थी। इसमें चारों खिलाड़ियों को फिट बताया गया, लेकिन प्रैक्टिस मैचों के जरिए उनकी फिटनेस का आकलन करने की सलाह दी गई है। इसी प्रक्रिया को सिम्यूलेशन टेस्ट कहा जा रहा है।

यह प्रक्रिया 4 से 9 सितंबर के बीच पूरी होने की उम्मीद है। COE को भरोसा है कि चारों खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे।

10 सितंबर को दिल्ली पहुंचेगी टीम इंडिया

रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम के खिलाड़ी 10 सितंबर को नई दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज की तैयारियां शुरू होंगी।

चारों खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर चयनकर्ताओं की नजर रहेगी। खासतौर पर जसप्रीत बुमराह की फिटनेस भारतीय टीम के लिए काफी अहम है।

बुमराह फिट नहीं हुए तो इस खिलाड़ी पर नजर

जसप्रीत बुमराह सिर्फ अफगानिस्तान सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि 19 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स के स्क्वाड में भी शामिल हैं। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर बुमराह किसी वजह से पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो चयन समिति प्रिंस यादव को उनके बैकअप विकल्प के तौर पर देख रही है।

भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने 2022 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। भारतीय टीम इस बार भी अपने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगी।

हर्षित राणा की फिटनेस पर भी नजर

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की फिटनेस प्रक्रिया पिछले कुछ समय से चर्चा में रही है। कई बार चोटिल खिलाड़ियों के स्क्वाड में शामिल होने को लेकर सवाल उठे हैं। हर्षित राणा का मामला भी काफी चर्चा में रहा था।

अब अफगानिस्तान सीरीज से पहले उनके सिम्यूलेशन टेस्ट के नतीजे पर भी चयनकर्ताओं की नजर रहेगी।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह*, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा इन खिलाड़ियों का खेलना फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है।

कब और कहां होंगे IND vs AFG के मैच?

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। दूसरा टी20 15 सितंबर और तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 17 सितंबर को होगा।

सीरीज के तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।

संबंधित पोस्ट